तारीख 1 नवंबर, 2020, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बूढ़ा तालाब के सौंदर्यीकरण फेज-1 का लोकार्पण किया। लगभग 18 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट में 6 करोड़ के करीब खर्च के बाद पहला फेस तैयार किया गया था। चकाचौंध भरी रंग-बिरंगी लाइट के साथ तालाब के बीच के गार्डन और दानी गर्ल्स स्कूल के पास के हिस्से को प्लास्टिक के बॉक्स से बने पुल यानि फ्लोटिंग डॉक से जोड़ा गया था। ताकि लाेग फ्लोटिंग डॉक के जरिए पैदल चलकर मुख्य गार्डन में जा सकें। खास बात ये है कि उद्घाटन के बाद भी इसे लोगों के लिए नहीं खोला गया और आखिरकार यह फ्लोटिंग डॉक ब्रिज टूट गया। पिछले दिनाें आए तेज आंधी-तूफान से यह ब्रिज अब पूरी तरह बिखर चुका है। वहीं सौदर्यीकरण के नाम पर म्यूजिकल फाउंटेन और बोटिंग भी लंबे समय से बंद है। लाइटिंग से लेकर दीवारों पर बनाई गई पेंटिंग अब मिट चुकी है।


