CG-32 एमएमसी तो CG-34 केसीजी की गाड़ियों का कोड

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव राजनांदगांव से अलग होकर दो नए जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर अंबागढ़ चौकी को परिवहन विभाग ने नया कोड नंबर जारी कर दिया है। दोनों जिलों में आने वाले समय में नई गाड़ियों का पंजीयन इसी नंबर से होगा। परिवहन विभाग मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार वाहनों के पंजीयन चिह्न के रूप में अब यहां सीजी-08 की जगह नया कोड लगेगा। मंत्रालय के अनुसार मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को सीजी- 32 और खैरागढ़़-छुईखदान-गंडई जिले को सीजी-34 कोड अलॉट किया गया है। अब तक अविभाजित राजनांदगांव में सीजी-08 नंबर ही गाड़ियों में लगाया जाता रहा है। इस आदेश के बाद अब गाड़ियों में नए नंबर से पंजीयन किया जाएगा। जिससे उन जिलों की गाड़ियों की अलग पहचान हो सकेगी। 2022 में अस्तित्व में आए ये जिले: बता दें कि राजनांदगांव से अलग होकर 2 सितंबर 2022 को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला अस्तित्व में आया। इसके बाद अगले ही दिन तीन सितंबर 2022 को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की घोषणा हुई। इसके बाद से अब तक अविभाजित राजनांदगांव जिले का ही कोड गाड़ियों में रजिस्टर्ड किया जा रहा था। इधर कोड का नोटिफिकेशन तो जारी कर दिया गया है लेकिन अब तक दोनों नए जिलों में आरटीओ के नए दफ्तर नहीं खोले जा सके हैं। नया जिला गठन होने के ढाई साल बाद भी दोनों जिलों का संचालन आरटीओ राजनांदगांव से ही किया जा रहा है। विभागीय जानकारी के अनुसार जब तक नए जिलों में आरटीओ का सेटअप नहीं बैठेगा तब तक इनके कोड के अनुसार नंबर रजिस्टर्ड करना मुश्किल है। इस वजह से नए जिलों में दफ्तर व सेटअप का इंतजार किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *