भास्कर न्यूज | बूंदी तहसील रोड पर एक घर के बाहर हंगामा मचाने व तोड़फोड़ कर मारपीट करने वाले एसपी ऑफिस में कार्यरत फोर्स बाबू नवींद्र मीणा को आईजी ने निलंबित कर दिया है। वहीं, मारपीट करने वाले गिरफ्तार फोर्स बाबू नवींद्र मीणा, भरतपुर एसपी ऑफिस में कार्यरत सुदीप्त सिंह व इनके साथी चरणजीत सिंह को सदर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। वहां से कोर्ट ने तीनों को 2 दिन के डिमांड पर लिया है। जो हथियार मारपीट में काम में लिए थे, उनको लेकर पूछताछ जारी है। हथियार बरामद करने का प्रयास जारी है। भरतपुर के एसपी ऑफिस में लगे बाबू के निलंबन की कार्रवाई के लिए भी बूंदी एसपी राजेंद्रकुमार मीणा ने भरतपुर एसपी को चिट्ठी लिखी है। शराब के नशे में धुत फोर्स बाबू और उसके साथ आए चार-पांच जनों ने आधे घंटे तक हंगामा मचाया था। इन्होंने लाठियों-सरिए से घर के कांच की खिड़कियां तोड़ दी थीं। एक युवक व 2 महिलाओं के साथ मारपीट कर उनको लहूलुहान कर दिया था। पुलिस ने मौके से फोर्स बाबू नवींद्र सहित 3 लोगों को पकड़ लिया और दो-तीन जने फरार हुए थे। सदर थाना प्रभारी रमेशचंद्र आर्य ने बताया कि अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि फोर्स बाबू नवींद्र के परिजन का देवपुरा चुंगी नाके के पास शराब ठेका है। इसका संचालन भी इसकी देखरेख में ही होता है। रात को यह अपने साथियों के साथ बृजकंवर के घर पहुंचे। उस पर ब्लैक में शराब बेचने का आरोप लगाया। इसके चलते हमारे शराब ठेके की बिक्री कम हो गई है। जबकि, बृजकंवर का कहना था कि मैं शराब की बिक्री नहीं करती। तीनों के साथ दो-तीन जने और थे। पहले तो इन्होंने गाली-गलौज की। बाद में गेट पर लाठी व सरिए बरसाए और खिड़कियों को तोड़ा। जैसे ही बृजकंवर बाहर आई तो उसके सिर पर भी वार किया। अन्य महिला, पुरुष को भी मारा पर वह मौजूद नहीं मिले। पुलिस के आने से पहले ही वे निकल गए। प्राणघातक सहित अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज है, रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है। आर्य ने बताया कि दो-तीन जने फरार हैं, उन्हें पकड़ने के लिए टीम लगी हुई है।


