अजमेर में क्रिसमस पर्व को लेकर मसीह परिवारों में उत्साह है। घर से लेकर बाजार तक क्रिसमस की रोनक दिखाई दे रही है। प्रभु आगमन के पहले घर का कोना-कोना सजाया जा रहा है। रंग-रोशन किए जा रहे हैं, क्रिसमस ट्री सजाए जा रहे हैं। वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष रवि विलियम ने बताया- यहां 100 परिवार रह रहे हैं, यहां 1975 से सामूहिक रूप से क्रिसमस मनाने की परंपरा है। कंपाउंड के तीनों गेट पर सजावट की गई है। घरों में रंग-रोशन पूरा हो चुका है। क्रिसमस ट्री भी सजने लगे हैं। शाम होते ही लाइटें जलाई जा रही हैं। मेयो लिंक रोड स्थित चर्च कंपाउंड में रहने वाले 30 से ज्यादा परिवारों में क्रिसमस की तैयारियां पूरी कर ली है। सजावट के बाद अब यहां पर क्रिब (यीशु के जन्म स्थान गोशाला) बनाने की शुरुआत हो चुकी है। खासकर बच्चे इन्हें सजा रहे हैं। शहर में फ्रेजर रोड, मिशन स्कूल, मदार, धोलाभाटा, गुलाबबाड़ी, दादा भाई क्वार्टर, क्रिश्चियन गंज सहित अन्य कई जगहों पर मसीह समाज के परिवारों की ओर से क्रिसमस की तैयारियों को पूरी कर ली है। क्रिसमस की खरीदारी जोरों पर बाजारों में भी क्रिसमस की खरीदारी जोरों पर है। 1 से लेकर 10 फीट तक के क्रिसमस ट्री 25 रुपए से लेकर 7 हजार तक मिल रहे है। बजट के अनुसार इनकी खरीद हो रही है। वहीं सेंटा बैलून की कई किस्म बाजार में हैं। जो कि 25 रुपए से लेकर 5 हजार रुपए तक के भी हैं। बच्चों के लिए सेंटा ड्रेस 80 से लेकर 1500 रुपए तक के हैं। वहीं डेकोरेशन आइटम बेल, ड्रम, बॉल, फ्रील, गार्लेन, मास्क, स्टार, 10 रुपए से लेकर 1 हजार रुपए तक मिल रहे हैं। थोक दुकानदार ने बताया कि सबसे ज्यादा खरीद क्रिसमस ट्री, डेकोरेशन स्टार, फ्लावर्स आदि की बिक्री ज्यादा हो रही है। मदार गेट, पड़ाव, कवंडसपुरा, वैशाली नगर, धोलाभाटा, गुलाबबाड़ी सहित अन्य क्षेत्र जहां मसीह परिवार रहते हैं, वहां क्रिसमस की तैयारियां हो रही हैं।


