नागौर के गांधी चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से दिनदहाड़े 5 लाख रूपए चोरी हो गए। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की जानकारी सभी पुलिस थानों में भिजवाई है। जिसके बाद जिले में नाकाबंदी करवाई गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया- गांधी चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में आज सुबह एक व्यक्ति 5 लाख रुपए निकलवाने आया था। इसी दौरान 2 युवकों ने उसके दाएं-बाएं खड़े होकर 5 लाख रुपए पार कर लिए। दोनों युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। वारदात के बाद दोनों युवक एक टैंपो में बैठकर रवाना हो गए। पूरे जिले में नाकाबंदी करवाई गई है। कोतवाल वेदपाल शिवरान ने बताया- 5 लाख रुपए निकलवाने के लिए आए पीड़ित ने बताया कि उसने पैसे निकालकर बैग में रखे, लेकिन चैन खुली होने की वजह से रुपए चोरों ने निकाल लिए। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपी युवकों की पहचान कर ली है। बैंक से निकलकर आरोपी रेलवे स्टेशन की तरफ टैंपो में बैठकर रवाना हो गए। रेलवे स्टेशन पर इनका एक अन्य साथी भी मौजूद होने के सुराग मिले हैं। ये चोर किसी गैंग के गुर्गे लग रहे हैं, जो बैंक और बसों में चोरी करते हैं। हुलिए और फोटो को सभी थानों में भिजवाया गया है। जीआरपी और आरपीएफ को भी इनपुट दिया गया हैं।


