जयपुर| मोबाइल स्नैचरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए स्नैचिंग का तरीका बदला है। अब वे पैदल ही वारदात कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में मोबाइल को चिन्हित कर उसे लूटते हैं। साथ ही वारदात में बाइक होने पर उसके नंबर एवं फुटेज में आने के कारण पकड़े भी जाते थे। बदले तरीके से ये स्नैचर भीड़ वाले इलाकों एवं ट्रेनों में वारदात को आसानी से अंजाम देते हैं। ऐसी ही एक गैंग के स्नैचर को मालपुरा गेट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जो मोबाइल को चिह्नित कर लूटते हैं। पूछताछ में ये भी सामने आया कि ये गैंग जयपुर से मोबाइल लूटकर झारखंड जामताड़ा के साइबर ठगों को सप्लाई कर देते थे। पुलिस ने बदमाश के पास से 11 मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपी झारखंड निवासी है। वह केवल नामी कंपनियों के ही मोबाइल लूटते थे, ताकी अगर वह ठगी के काम ना आए तो उसके पाट्स आसानी से बाजार में बेचे जा सके। पुलिस बदमाश के अन्य साथियों को तलाश कर रही है। इस घटना में थाना स्पेशल के कांस्टेबल रामप्रसाद पुरी और करण की अहम भूमिका रही है। थानाधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि इस घटना के आरोपी अजय कुमार महतो निवासी झारखंड हाल गोपी नगर सांगानेर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार टीम बना कर प्रयास किए जा रहे थे। जयपुर से मोबाइल के पार्सल बना कर साथियों के साथ झारखंड में जाकर डिलीवरी कर देते थे।


