भास्कर न्यूज | अमृतसर /अजनाला बीते साल लोकसभा चुनाव से एक दिन पहले 31 मई को अजनाला में हुए दीपिंदर सिंह उर्फ दीपू सरकारिया लक्खोवाल के कत्ल के मामले में पुलिस ने वारिस पंजाब दे संस्था के प्रमुख और सांसद अमृतपाल के साथी अमनदीप सिंह अमाना निवासी फरीदकोट की भी गिरफ्तारी डाल दी है। सीक्रेट इन्फॉर्मेशन के आधार पर पुलिस ने उसे वीरवार को सेंट्रल जेल अमृतसर से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अजनाला अदालत में पेश किया। पुलिस ने उसका सात दिन के रिमांड मांगा, मगर अदालत ने तीन दिन का रिमांड दिया। अमृतपाल को अजनाला थाने पर उपद्रव करने के जिस केस में गिरफ्तार किया गया है, उस केस में अमनदीप सिंह अमाना भी आरोपी है। उसे डिब्रूगढ़ जेल से एनएसए खत्म होने के बाद अजनाला लाए गए मामले के आरोपियों को जेल भेजने के दौरान गिरफ्तार किया गया था। गौरतलब है कि बीते साल लोकसभा चुनाव से एक दिन पहले गोलियां मारकर आम आदमी पार्टी के वर्कर लक्खोवाल की हत्या कर दी गई थी। थाने अजनाला के गांव लक्खोवाल में आप वर्करों की मीटिंग में दो बाइकों पर सवार होकर आए नकाबपोशों ने पिस्तौलों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर थी। गोलियां लगने से घायल लक्खोवाल की अजनाला के अस्पताल में मौत हो गई थी। अमनदीप की तरफ अदालत में पेश हुए एडवोकेट रितुराज संधू ने कहा कि पुलिस की ओर से अमनदीप को एक साल पुराने केस में नामजद कर गिरफ्तार कर धक्केशाही है। अमनदीप फरीदकोट में रहता है और हत्या अजनाला में हुई है। पुलिस के पास अमनदीप के हत्या के मामले में संलिप्त होने के कोई सबूत भी नहीं। गिरफ्तारी का कोई आधार भी नहीं है।


