लुधियाना के खन्ना में एक महिला पर उसके पति ने तेजधार हथियार से गर्दन पर हमला कर दिया। पीड़िता फैक्ट्री से काम खत्म कर लौट रही थी। गोल्डन पैलेस के पास उसके पति सलीम मोहम्मद ने बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर से रास्ता रोक लिया। हमले में महिला घायल हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सलीम ने पहले से दर्ज आपराधिक मामले को वापस लेने का दबाव बनाया। पत्नी जैस्मीन के मना करने पर उसने महिला को जमीन पर गिराकर गर्दन पर दो वार किए। एक वार दाहिनी और दूसरा बाईं ओर किया। राहगीरों के आने पर आरोपी तेजधार हथियार गर्दन में छोड़कर फरार हो गया। दूसरे पति ने पत्नी और बेटी को पीटा जैस्मीन की पहली शादी रहीमदीन खान से हुई थी, जिससे उसकी चार बेटियां हैं। 2021 में पंचायती तलाक के बाद दो बेटियां उसके साथ रहती हैं। 2022 में उसने सलीम मोहम्मद से दूसरी शादी की। शादी के बाद अगस्त 2022 में सलीम ने जैस्मीन और उसकी 6 साल की बेटी से मारपीट की। बेटी की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मलेरकोटला के महौली कलां निवासी सलीम मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ संदीप कुमार के अनुसार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।


