बिलासपुर में करंट से दो बच्चों की मौत:कूलर में चालू करते ही बच्ची को लगा करंट, बचाने के दौड़ा बालक तो वह भी चिपक गया

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में करंट से दो बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची कूलर चालू कर रही थी, तभी वो करंट की चपेट में आ गई, जिसे बचाने के लिए बालक कूलर के पास गया तो वो भी चिपक गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार बरतोरी निवासी देवचरण जायसवाल रोजी-मजदूरी करता है। रोज की तरह वह अपनी पत्नी के साथ गुरुवार को काम पर निकल गया था। इस दौरान घर में उसका बेटा लक्की जायसवाल (13) और रिश्तेदारी में आई कवर्धा जिले के सिंगारपुर की जीतू जायसवाल (14) घर पर थे। कूलर चालू करते ही बच्ची को लगा करंट
इस दौरान घर में कोई बड़े नहीं थे। दोनों बच्चे ही थे। गर्मी की वजह से जीतू ने कूलर चालू करने के लिए बटन दबाया, तब अचानक उसे करंट लगा और वह कांपने लगी। उसे देखकर लक्की उसे बचाने के लिए कूलर के पास दौड़ा। वह भी बटन बंद नहीं किया और जीतू को खींचने लगा, जिससे वो भी करंट से चिपक गया। इस हादसे में दोनों बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। चाचा ने पुलिस के डायल 112 को दी जानकारी
कुछ देर बाद लक्की के चाचा राजू जायसवाल को घटना की जानकारी मिली। वह घर के बाहर किराना दुकान चलाता है। दो बच्चों को बेहोश देखकर उसने पुलिस के डायल 112 को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें बिल्हा अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, जांच के बाद डॉक्टर ने दोनों को मृत बता दिया। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। कूलर से रहें सावधान, बच्चों को रखें दूर
दरअसल, कूलर में पानी डालने की वजह से उसमें हमेशा करंट प्रवाहित होने की संभावना रहती है। अगर कूलर में करंट आ रहा है तो उसकी वायरिंग को इलेक्ट्रिशियन से चेक कराएं। कोई वायर ढीला, कट गया हो, या जला हुआ हो, तो उसे ठीक करना कराएं। सुनिश्चित करें कि सभी वायरिंग सही तरीके से इंसुलेटेड हैं. अगर कोई वायर का इंसुलेशन खराब हो गया है, तो उसे बदलें। ऐसे में गर्मी के इस मौसम में कूलर सहित अन्य बिजली उपकरणों से खतरा रहता है। कूलर में पानी डालते समय स्वीच का ऑफ कर देना चाहिए। या फिर प्लग से वायर को निकालकर पानी भरना चाहिए। घर में कूलर से बच्चों को दूर रखना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *