गौरेला-पेंड्रा में भारी वाहनों के प्रवेश समय बदला:सुबह 6 से रात 11 बजे तक रहेगा प्रतिबंध; हादसे रोकने प्रशासन का फैसला

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश समय में बदलाव किया है। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक एस आर भगत के प्रतिवेदन पर यह निर्णय लिया है। नए आदेश के अनुसार, भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। पहले यह प्रतिबंध सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक था। नगरीय क्षेत्र में सघन आबादी और भीड़-भाड़ के कारण दुर्घटना और जाम की स्थिति बनी रहती है। पेंड्रा की दुर्गा चौक में हुए एक सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चक्काजाम किया था। उन्होंने शहर से गुजरने वाले कोयला ट्रेलरों पर नियंत्रण और नो एंट्री का समय बढ़ाने की मांग की थी। लोगों की मांग है कि कोयला ट्रेलर चालकों के कागजात और लाइसेंस की नियमित जांच की जाए। साथ ही उनकी नशे की जांच भी की जाए। यह मांग इसलिए की जा रही है क्योंकि कई बार ट्रेलर चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाए गए हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि नए नियमों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *