कपूरथला के शेखुपुर गांव स्थित 206 साल पुराने मां भद्रकाली मंदिर में 78वां वार्षिक मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ चल रहा है। मंदिर में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारबद्ध हैं। मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। मंदिर परिसर में सुबह हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें विधायक राणा गुरजीत सिंह, उनकी धर्मपत्नी राजबंस कौर और सैकड़ों भक्तों ने आहुतियां दीं। प्रबंधक कमेटी ने चुनाव आयोग की हिदायतों को देखते हुए ऑनलाइन दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। 18 मई को मां भद्रकाली के झंडे की रस्म के साथ मेले का शुभारंभ हुआ। इसी दिन मां के ज्योति स्वरूप सहित विशाल शोभायात्रा निकाली गई। हजारों भक्तों ने ज्योति स्वरूप के दर्शन किए और पुष्प वर्षा कर मां का अभिवादन किया। तब से मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। यह मंदिर भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय से मेले का आयोजन करता आ रहा है। हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां आकर मां के दर्शन करते हैं। जिला प्रशासन और प्रबंधक कमेटी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आपराधिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सिविल ड्रेस में कर्मचारी तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।


