कपूरथला में आज वोल्टेज तारों में स्पार्किंग हुई, जिससे हवेली में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। किसान भगवान सिंह ने बताया कि दोपहर साढ़े 12 बजे पहले पास के खाली प्लॉट में शॉर्ट सर्किट से मामूली आग लगी थी। वह उसे बुझाकर घर चला गया। कुछ देर बाद उसे खबर मिली कि हवेली में रखी तूड़ी में आग लग गई है। घटना नडाला कस्बे में सरकारी एलीमेंटरी स्कूल के पीछे एक हवेली की है। भगवान सिंह तुरंत हवेली पहुंचे और सबसे पहले वहां बंधे तीन मवेशियों को बचाया। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। नडाला पुलिस ने भुलत्थ से फायर ब्रिगेड को बुलाया। फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान ने बताया कि उन्होंने हवेली के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन को हटाने के लिए कई बार बिजली विभाग में शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसलिए इन तारों को तुरंत हटाया जाए।


