कोरबा के बरोदखार इलाके में ट्रक ड्राइवर और उसके हेल्पर से लूटपाट हुई है। घटना गुरुवार रात 2:30 बजे की है। नंदा ट्रांसपोर्ट, धमतरी में कार्यरत ट्रक ड्राइवर और उसका हेल्पर दिनेश साहू हाईब्रिड धान लेकर अंबिकापुर से कोंडागांव जा रहे थे। रास्ते में चोटिया टोल के कुछ किलोमीटर बाद एक पुलिया के पास ट्रक का टायर पंचर हो गया। दोनों टायर बदल रहे थे, तभी एक सफेद कार में सवार चार लोग वहां आए। एक व्यक्ति ने पानी मांगा। जब चालक पानी देने लगा तो बाकी तीन लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने टायर लीवर से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बदमाश चालक की खाकी शर्ट, जिसमें वीवो मोबाइल, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और एक हजार रुपए का पर्स था, उसे लूट ले गए। साथ ही कृषक संगवारी समिति करजी अंबिकापुर के 39 हजार रुपए भी ले गए। चालक ने कार को रोकने के लिए लोहे की हुक से वार किया, लेकिन बदमाश भाग निकले। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर ने बताया कि बांगो थाना क्षेत्र में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।


