परेशान हो रहे लोग:यूजर चार्ज की वजह से प्रॉपर्टी टैक्स का पेमेंट विंडो ही बंद खाली प्लॉट वाले पास नहीं करवा पा रहे नक्शा और लोन

संपत्तिकर के साथ लिया जाने वाला यूजर चार्ज (घरों से कचरा लेने का शुल्क) इस साल से बढ़ जाएगा। नगर निगम ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बढ़ा हुआ यूजर चार्ज संपत्तिकर के ऑनलाइन सिस्टम में अपडेट किया जा रहा है।
इस वजह से पिछले 22 दिनों से निगम के प्रॉपर्टी टैक्स का विंडो बंद है। टैक्स जमा नहीं होने के कारण लोग अपना संपत्तिकर भी जमा नहीं कर पा रहे हैं। प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने से लोग भवन निर्माण अनुज्ञा के लिए भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। भवन निर्माण अनुज्ञा के लिए प्लॉट का वर्तमान प्रॉपर्टी टैक्स पटा हुआ होना चाहिए। नो ड्यूज होने पर ही भवन निर्माण अनुज्ञा का आवेदन जमा होता है। लोग जब ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं तो यह स्वीकार ही नहीं हो रहा है। टैक्स की रसीद मांगी जा रही है। प्लॉट का मालिक जब जोन दफ्तर पहुंचता है या ऑनलाइन टैक्स जमा करना चाहता है तो पेमेंट विंडो बंद होने के कारण भुगतान नहीं हो रहा है। इस वजह से टैक्स ड्यू रह जा रहा है। जानकारों का कहना है कि खाली प्लॉट में यूजर चार्ज नहीं लगता। खाली प्लॉट से कचरा नहीं उठाया जाता, इसलिए वहां यूजर चार्ज लगाने का औचित्य ही नहीं है। ऐसे में उस प्रॉपर्टी में यूजर चार्ज अपडेट करने की जरूरत ही नहीं है। खाली प्लॉट वालों को यूजर चार्ज नहीं देना है
भवन निर्माण अनुज्ञा के लिए आवेदन करने वाले कुछ लोगों ने नगर निगम के अफसरों से मांग की है कि खाली प्लॉट में यूजर चार्ज नहीं लगता। इसलिए जो लोग भवन निर्माण अनुज्ञा के लिए आवेदन करना चाहते हैं उनका प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया जा सकता है। उनके टैक्स सिस्टम में यूजर चार्ज अपडेट करने की जरूरत ही नहीं है। नगर निगम ऐसी कोई व्यवस्था करता है तो नक्शा पास कराने के लिए रोज 10 से 15 लोग निगम दफ्तर के चक्कर लगा रहे हैं वे इस तकलीफ से बच जाएंगे। एक-दो दिन में खुल जाएगा विंडो
तकनीकी वजहों से संपत्तिकर का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इसमें एक-दो दिन का वक्त लगेगा। इसके बाद पेमेंट विंडो खुल जाएगा। चूंकि सिस्टम एक साफ्टवेयर से जुड़ा है। उसे अलग-अलग नहीं किया जा सकता। इसलिए नक्शा स्वीकृत कराने वालों का अलग से पेमेंट नहीं ले सकते।
– विश्वदीप, कमिश्नर ननि, रायपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *