जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के केन्दुआटॉड़ मोड़ के पास जंगल में की गई छापेमारी में तीन अन्य अपराधी फरार हो गए। पुलिस निरीक्षक चन्द्रमणि भारती के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 19 वर्षीय आरिफ अंसारी, 30 वर्षीय प्रहलाद दास और 31 वर्षीय अजय दास को गिरफ्तार किया गया। तीनों नारायणपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। बैंक की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी करते थे आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड और 3 लग्जरी बाइक बरामद की गई हैं। इन अपराधियों का मुख्य कार्यक्षेत्र पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान और महाराष्ट्र था। आरोपी एक्सिस बैंक के क्रेडिट/डेबिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर लोगों को ठगते थे। ये लोगों के मोबाइल पर APK फाइल भेजकर डाउनलोड करवाते थे। इसके बाद बैंक की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी करते थे। आरोपियों के खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना में 24 मई 2025 को भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। पुलिस फरार हुए तीन अपराधियों की तलाश कर रही है।


