मुंगेली जिले के लोरमी में सुशासन तिहार के तीसरे चरण में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री वितरित की गई। 5 लोगों को पीएम आवास योजना की चाबियां मिलीं। सात को राशन कार्ड, चार बच्चों को एमआर किट व बुक मैग्नीफायर दिए गए। पांच लोगों को श्रम कार्ड और पांच किसानों को केसीसी के चेक बांटे गए। चार महिलाओं को नोनी सुरक्षा योजना के बॉन्ड पेपर मिले। छह लोगों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड दिए गए। तीन को लर्निंग लाइसेंस और तीन को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपे गए। समस्याओं के समाधान का पर्व उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि सुशासन तिहार जनता की समस्याओं का समाधान करने का पर्व है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रामराज्य की भावना से शासन चल रहा है। सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि 18 महीने में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। महतारी वंदन योजना की 15 किस्तें वितरित हो चुकी हैं। लोरमी में 70 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। सड़क दुर्घटना में 1.5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लेने की सलाह उप मुख्यमंत्री ने लोगों को आयुष्मान भारत योजना का कार्ड बनवाने और 5 लाख रुपए तक की नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लेने की सलाह दी। उन्होंने पीएम आवास में भूमि विवाद वाले वार्डों की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि सुशासन का अर्थ है, जनभागीदारी, पारदर्शिता और समस्याओं का समयबद्ध समाधान। उन्होंने कहा कि लोरमी में अधोसंरचना विकास हेतु अनेक योजनाएं स्वीकृत की गई हैं और शासन की हर योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुँचे, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संरक्षण, शिक्षा में अभिभावकों की सहभागिता और शासकीय योजनाओं का समुचित लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, डीएफओ अभिनव कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, उपाध्यक्ष अशोक जायसवाल, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


