टीएस सिंहदेव बोले-संविधान खतरे में, बहुमत का दुरुपयोग:सरगुजा में कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा, कहा- आरक्षण समाप्त करना चाहता है संघ

सरगुजा जिले के लखनपुर में कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा निकाली गई। संविधान बचाओ यात्रा की आमसभा को संबोधित करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि भारत का संविधान खतरे में है। भाजपा और संघ इसे बहुमत के बल पर बदलना चाहते हैं। संघ परिवार आरक्षण को समाप्त करना चाहता है। मोहन भागवत ने बिहार चुनाव के दौरान इसकी मंशा भी जताई थी। लखनपुर में कांग्रेस के विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ रैली की शुरुआत गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की गई। अमवारी मैदान में पहुंचकर यात्रा आमसभा में बदल गई। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि डा. भीमराव अंबेडकर ने संविधान सभा में कहा था कि संविधान कितना भी अच्छा क्यों न हो, अगर वो सही हाथों में नहीं लगा, तो वह अच्छा नहीं होगा। संविधान की व्यवस्था सत्ताधारियों को मंजूर नहीं
टीएस सिंहदेव ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में आम लोगों से मुलाकात में राहुल गांधी को एहसास हुआ कि संविधान पर खतरे से नागरिक आशंकित हैं। जब दूसरी भारत जोड़ो यात्रा प्रारंभ हुई तो राहुल गांधी ने संविधान को यात्रा का प्रतीक बनाया। जिस संविधान की बदौलत पीएम मोदी ने सरकार बनाई उसे संघ परिवार विदेशों की नकल बताता है। सिंहदेव ने कहा कि भारत का संविधान स्वतंत्र भारत के भौगोलिक क्षेत्र के निवासियों के द्वारा चुने हुए लोगों ने बनाया जो प्रजातांत्रिक है। यह व्यवस्था मौजूदा सत्ताधारी को मंजूर नहीं। वो देश में ऐसी व्यवस्था बनाने में लगे हैं, ताकि भारत में चीन की तरह एक व्यक्ति और एक दल की तानाशाही सरकार बने। छत्तीसगढ़ को भी बना सकते हैं केंद्र शासित
टीएस सिंहदेव ने जम्मू-कश्मीर का उदाहरण देते हुए कहा कि संविधान की भावना के विपरीत बहुमत का इस्तेमाल कर ये सरकार राज्य का दर्जा समाप्त कर उन्हें केंद्र शासित प्रदेश में बदल देती है। बहुमत के बल पर ये सरकार अपने हित के लिए जब चाहे तो छत्तीसगढ़ को भी केंद शासित प्रदेश बना सकती है। संघ से संविधान को खतरा
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि हमारे संविधान को खतरा बाहर से नहीं बल्कि देश के अंदर संघ परिवार से है। संघ परिवार महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यक को संविधान में दिए गए मतदान के अधिकार के कारण इसका विरोध करती है और बदलना चाहती है। सभा को लखनपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंहदेव, कृपाशंकर गुप्ता, राजनाथ सिंह ने भी संबोधित किया। संविधान बचाओ रैली में कांग्रेस के अंबिकापुर विधानसभा के चारों संगठन ब्लॉक अंबिकापुर शहर, अंबिकापुर ग्रामीण, लखनपुर और उदयपुर के कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *