भिंड में सीएम हेल्पलाइन पर मिले शिकायतों के संतोषजनक निराकरण में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के अंदर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इन अधिकारियों को जारी हुए नोटिस जिन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, उनमें जिला संयोजक अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के संजय जैन, प्रभारी उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग के रामसुजान शर्मा, जिला परिवहन अधिकारी अर्चना परिहार, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग के पुष्पकल प्रताप और उपवन मंडल अधिकारी बहादुर सिंह गौड़ शामिल हैं। ‘डी’ कैटेगरी में विभागों की रैंकिंग कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव स्तर पर सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की नियमित समीक्षा होती है। 1 से 30 नवंबर तक की ग्रेडिंग में इन विभागों की रैंकिंग 26 में से 26वीं रही, और उन्हें “डी” कैटेगरी में रखा गया। इस स्थिति को गंभीर लापरवाही का प्रतीक मानते हुए कार्रवाई की गई है। अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी कलेक्टर ने अधिकारियों को सिविल सेवा आचरण नियम 1965 और 1966 के तहत जवाब मांगा है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो अनुशासनात्मक कार्रवाई या वरिष्ठ स्तर पर प्रस्ताव भेजने की बात कही गई है।


