आंधी से जलमीनार के सोलर प्लेट उड़े, जलसंकट

भास्कर न्यूज | गिरिडीह सदर प्रखंड की पिंडाटांड़ पंचायत के प्रतापपुर गांव में हर घर नल जल योजना के तहत एक साल पहले चार सोलर जलमीनार लगाई गई थी। बीते दिनों आई तेज आंधी और बारिश में दो जलमीनार के सोलर प्लेट उड़ गए। बाकी दो पहले से ही खराब हैं। जिन दो जलमीनार से गांव में पानी मिल रहा था, वे भी अब बंद हो गए हैं। इससे गांव की करीब 700 की आबादी परेशान है। कुएं और चापाकल सूखने लगे हैं। कुछ परिवार जार वाला पानी खरीद रहे हैं। गरीब लोग चापाकल पर निर्भर हैं। नहाने के लिए लोग तालाब और नदी जा रहे हैं। पीने के पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय ग्रामीण उमेश साव, राम किशुन साव, गोपाल साव, दिनेश साव, शुकर साव, श्याम सुंदर साव और हरिहर साव ने बताया कि सोलर प्लेट सही से नहीं लगाए थे। पहली आंधी में ही प्लेट उड़ गए। अब मरम्मत कौन करेगा, इसे लेकर लोग चिंतित हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय मुखिया और पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल दो के अधिकारियों से जलमीनार जल्द ठीक कराने की मांग की है। पंचायत की मुखिया पुष्पा देवी ने बताया कि मरम्मत के लिए विभाग को लिखित शिकायत दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *