भास्कर न्यूज | बड़की सरिया सरिया प्रखंड मुख्यालय में गर्मी के दिनों में लोगों को शुद्ध पानी देने के लिए वाटर एटीएम लगाई गई थी। लेकिन, पिछले एक साल से इसका फिल्टर खराब है। टंकी में जमा गंदा पानी ही लोगों को पीना पड़ रहा है। इससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। प्रखंड, अंचल और अनुमंडल मुख्यालय में रोज सैकड़ों लोग आते हैं। अनुमंडल न्यायालय भी यहीं है। इसके बावजूद शुद्ध पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। वाटर एटीएम लगाने के बाद एजेंसी को इसकी देखभाल करनी थी। लेकिन संवेदक ने सिर्फ एटीएम लगाया और भुगतान ले लिया। इसके बाद कोई देखरेख नहीं की गई। जिप सदस्य अनूप पांडेय ने कहा कि ऐसी एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए। वाटर एटीएम को तुरंत ठीक किया जाए। दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। सभी लोग बंद बोतल का पानी नहीं खरीद सकते। गरीबों को भी शुद्ध पानी मिलना चाहिए। प्रखंड कार्यालय के नीचे ही लापरवाही है, तो पंचायतों तक योजनाएं कैसे पहुंचेंगी। बीडीओ एलएन तिवारी ने कहा कि जानकारी मिली है। जल्द ही वाटर एटीएम को दुरुस्त कराया जाएगा। ताकि प्रखंड आने वाले लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सके।


