राजगढ़ जिले में गैस सिलेंडर से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने और कुकिंग गैस के सुरक्षित उपयोग की जानकारी देने के उद्देश्य से सोमवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अनुसूचित जाति बालक उत्कृष्ठ छात्रावास में आयोजित हुआ। जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग, नीशा जैन ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण का आयोजन जिला खाद्य अधिकारी के मार्गदर्शन में मेंसर्स विंनस इंटर प्राईजेस (एच.पी. गैस एजेंसी) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में गैस सिलेंडर के सुरक्षित संचालन, रख-रखाव और संभावित खतरों से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण में अनुसूचित जाति, जनजाति और आश्रमों के समस्त छात्रावास अधीक्षकों एवं अधीक्षिकाओं ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने बताया कि गैस सिलेंडर के प्रयोग में किन सावधानियों का पालन करना चाहिए, जैसे—गैस लीक होने पर तत्काल क्या करें, पुराने या खराब रबर पाइप को समय-समय पर बदलना, और गैस चूल्हे का सही तरीके से रखरखाव करना। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से सवाल-जवाब किए और घरेलू गैस के सुरक्षित उपयोग के लिए उपयोगी टिप्स सीखे। अंत में जिला खाद्य अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण से मिली जानकारियों को अपने क्षेत्रों में साझा करें, ताकि गैस सिलेंडर से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


