खन्ना में हेड कॉन्स्टेबल समेत 11 नशा तस्कर गिरफ्तार:हेरोइन और 65 हजार ड्रग मनी जब्त, 3 बिजली बोर्ड कर्मी को भी पकड़ा

खन्ना पुलिस ने आज काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अरविंदर सिंह को नशा तस्करी में शामिल होने पर गिरफ्तार किया। यही नहीं, इस पूरे रैकेट में सरकारी मुलाजिम, बिजली बोर्ड का चौकीदार और कई संगठित नशा सप्लायर शामिल हैं। एसएसपी डॉ. ज्योति यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन के दौरान सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर हरदीप सिंह, सिटी थाना 2 के एसएचओ तरविंदर कुमार बेदी की टीमों ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर 230 ग्राम हेरोइन, 65 हजार रुपए ड्रग मनी और तीन वाहन बरामद किए। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन 19 मई को शुरू हुआ था। मुखबिर से मिली सूचना पर सिटी होम कॉलोनी खन्ना में छापेमारी कर अमरजीत सिंह निवासी ऊधम नगर श्री मुक्तसर साहिब, अंग्रेज सिंह निवासी करतार नगर खन्ना, सहजाद मोहम्मद बिल्लू और डबली दोनों निवासी न्यू शांति नगर मंडी गोबिंदगढ़, मनजिंदर सिंह राजू निवासी कोटला ढक, सुखवीर सिंह निवासी बसंत नगर खन्ना को गिरफ्तार कर 30 ग्राम हेरोइन, 20 हजार ड्रग मनी बरामद की थी। यहां से एक बाइक, इटीओज और स्कॉर्पियो बरामद की गई थीं। अमरजीत सिंह ने खुलासा किया कि वे गुरमुख सिंह निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी खन्ना जोकि बिजली विभाग में सब स्टेशन अटेंडेंट है और काऊंटर इंटेलिजेंस लुधियाना में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अरविंदर सिंह निवासी पक्खोवाल रोड लुधियाना से हेरोइन खरीदकर आगे सप्लाई करते थे। बिजली बोर्ड का चौकीदार भी गिरफ्तार
गुरमुख सिंह को गिरफ्तार कर 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। उसकी पूछताछ के बाद राजमहिंदर सिंह राजा निवासी बग्गा कलां (अमृतसर) को नामजद करके अमृतसर से गिरफ्तार किया गया। राजा से भी 100 ग्राम हेरोइन, 45 हजार ड्रग मनी मिली थी। इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल अरविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही सुखदेव सिंह निवासी दहेड़ू जोकि बिजली बोर्ड में चौकीदार है, को गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि हेड कॉन्स्टेबल अरविंदर सिंह अकसर लुधियाना की भोला कालोनी धांद्रा रोड पर अमितपाल सिंह की मोबाइल रिपेयर दुकान पर नशा सप्लाई करता था। अमितपाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी डॉ. ज्योति यादव ने बताया कि अंग्रेज सिंह खिलाफ खन्ना में नशा तस्करी के दो केस दर्ज हैं। सहजाद मोहम्मद खिलाफ मंडी गोबिंदगढ़ में चोरी का केस दर्ज है। मनजिंदर सिंह राजू सहायक लाइनमैन को कुछ महीने पहले विजिलेंस ने रिश्वत के केस में गिरफ्तार किया था जो जमानत पर बाहर आया था। सुखवीर सिंह खिलाफ खन्ना में सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का केस दर्ज है। राजमहिंदर राजा खिलाफ अमृतसर के राजासांसी थाना में 2008 में मर्डर केस दर्ज है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *