शिवपुरी सहित आस-पास के जिलों में सोमवार शाम से हल्की बूंदाबांदी हो रही है। इससे सोमवार रात का तापमान 12 डिग्री तक लुढ़क गया था। आज (मंगलवार) सुबह भी जिले में हल्की बारिश जारी है। हालांकि अधिकतम पारा 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम बिगड़ा है। इससे सर्दी फिर बढ़ रही है। वहीं, दिन का पारा अभी और लुढ़कने का भी आसार है। राजस्थान के ऊपर भी एक लो प्रेशर एरिया की एक्टिविटी रहेगी। इससे बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। शिवपुरी से सटे हुए जिले ग्वालियर, अशोकनगर, गुना, दतिया में बारिश होने के आशंका है। जिले के पिपरसमा गांव का अधिकतम तापमान सोमवार को 23.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। यह इलाका प्रदेश के 5 सबसे कम अधिकतम तापमान वाले स्थानों में शामिल है।


