बिलासपुर में दिनभर छाए बादल…शाम को बारिश:नौतपा में कम हुआ तापमान, सामान्य से 8 डिग्री कम रहा टेम्प्रेचर; उमस ने किया परेशान

बिलासपुर में रविवार को नवतपा के पहले ही दिन गर्मी का असर कम रहा। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। वहीं, शाम को झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते उमस महसूस हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.7 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग ने सोमवार से अगले 5 दिन तक बारिश होने और बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। जिले के साथ ही संभाग में इस बार नवतपा में गर्मी का असर कम हो गया है। मई में जहां इस समय चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी के साथ हीट वेव की स्थिति बनी रहती है, वहीं इस बार शहर में अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम हो गया है। रविवार को नवतपा के पहले ही दिन आसमान में दोपहर में आसमान में बादल छाए रहे, जिससे सूर्य की तपिश कम रही। शहर के कई हिस्सों में खंड वर्षा दर्ज की गई। आज भी बारिश की संभावना, छाए रहेंगे बादल मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार वर्तमान में कई सक्रिय सिनोप्टिक सिस्टम प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। इसके तहत दक्षिण-पश्चिम मानसून 25 मई को और आगे बढ़ चुका है, जिससे अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में नमी बढ़ी है। ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ से होते हुए उत्तर ओडिशा तक फैला हुआ है, जिसकी ऊंचाई समुद्र तल से 1.5 से 4.6 किमी तक है। पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और उत्तर पंजाब के ऊपर बना हुआ है। 27 मई के आसपास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इन्हीं सब कारणों से बिलासपुर सहित प्रदेश में मौसम ने बदल रहा है। सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान बारिश होने की भी संभावना है। गर्मी से अभी राहत, आगे भी वर्षा के आसार आने वाले दिनों में बिलासपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) भी चल सकती हैं। 27 मई के बाद कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के भी संकेत हैं। ऐसे में गर्मी से तो राहत मिलेगी, लेकिन गरज चमक के बीच तेज अंधड़ से सावधान रहना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *