गेवरा-दीपका| दीपका से डूमरकछार मार्ग पर धौंराभांठा के पास निर्मित पुल जर्जर होने के साथ ही रेलिंग विहीन है। इससे आवाजाही में हादसे का डर बना हुआ है। रोज कोल परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। साथ ही हल्के व बाइक से ग्रामीण पुल पारकर गंतव्य स्थल पहुंचने आना-जाना करते हैं। बारिश के पहले पुल की मरम्मत जरूरी है। पुल के दोनों किनारे पर कोई सेफ्टी वॉल भी नहीं है। इस कारण सुरक्षित आवाजाही के लिए रेलिंग या उचित सेफ्टी वॉल का निर्माण कराया जाए। साथ ही पुल का डामरीकरण कर आवाजाही में राहत दिया जाए। भारी वाहनों के गुजरने के बाद पुल के मरम्मत की अनदेखी भारी पड़ सकती है। एचएमएस दीपका एरिया के वेलफेयर मेंबर एसडी तिवारी ने प्रशासन का जर्जर पुल की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।


