आपरेशन सिंदूर के बाद अब बीएसएफ ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर खेती करने वाले किसानों को बड़ी राहत दी है। सीमा पार खेती के लिए अब किसानों को दो घंटे अतिरिक्त समय मिलेगा। बीएसएफ की मुरादवाला चौकी पर आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। नए निर्णय के अनुसार, किसान अब सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार अपने खेतों में काम कर सकेंगे। पहले यह समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक था। पंजाब बॉर्डर एरिया किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ने बताया कि बैठक में किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया गया है। जंगली सुअरों द्वारा फसल नष्ट करने पर हुई चर्चा बीएसएफ कमांडेंट अजय कुमार ने कहा कि धान की बिजाई के मौसम में किसानों को होने वाली दिक्कतों को देखते हुए यह विशेष बैठक बुलाई गई थी। उन्होंने पाकिस्तान की तरफ से आने वाले जंगली सुअरों द्वारा फसलों को होने वाले नुकसान की समस्या पर भी चर्चा की। इस मुद्दे पर उच्च अधिकारियों से बात कर ऐसा समाधान निकाला जाएगा, जिससे न तो जानवरों को नुकसान हो और न ही फसलों को। उन्होंने बताया कि किसानों को हिदायतें जारी की गई है कि बिना काम के फेंसिंग के पास वह नहीं जाएंगे और सरहदी इलाके में तारबंदी के पास 4 फीट से ऊपर की फसल नहीं लगाई जा सकेगी l गांव में होने वाले समारोह के दौरान देर रात तक म्यूजिक सिस्टम नहीं चलाए जा सकेंगे l जिससे बीएसएफ की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है l


