बिलासपुर मेहत्थी पंचायत की महिला प्रधान को निलंबित करने के मामले ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। भाजपा ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए जोरदार विरोध किया। नैनादेवी विधानसभा से भाजपा विधायक रणधीर शर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर आक्रोश रैली निकालकर धरना दिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सरकार मुर्दाबाद और जिला प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे गूंजते रहे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उपायुक्त कार्यालय में ताला लगाकर अधिकारी भाग गए। भाजपा ने इस घटना को महिला सशक्तिकरण पर हमला बताया और कार्रवाई की कड़ी निंदा की। धरने से पहले बैठक
धरने से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर के परिधि गृह में बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार की इस कार्रवाई के खिलाफ बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली गई और कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। साथ ही भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एडीसी निधि पटेल को ज्ञापन सौंप कर महिला प्रधान की बहाली की मांग की। भाजपा विधायक का बयान
भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा, महिला प्रधान का निलंबन पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। यह निर्णय न केवल महिला अधिकारों का हनन है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ भी है। धरने में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


