सरगुजा में फुफेरे भाई ने रिश्तेदारी में घूमने गई किशोरी के साथ दो माह पूर्व रेप किया। आरोपी किशोरी को फिर से परेशान करने लगा तो परेशान होकर किशोरी ने इसकी जानकारी अपनी चचेरी बहन को दी। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बतौली थाना क्षेत्र की निवासी किशोरी अपने दादा-दादी के साथ घर में रहती है। वह मार्च माह में अपनी भाभी के साथ गांव में रिश्तेदारी में गई थी। वहां उसका फुफेरा भाई जय मिंज (19 वर्ष) भी गया था। रात करीब 9 बजे जय मिंज ने किशोरी से घूमने जाने के लिए कहा। वह उसके साथ घूमने चली गई। किशोरी को साथ लेकर जय घर से दूर कुएं के पास स्थित खेत में ले गया। किशोरी से रेप, बाद में भी करने लगा परेशान
आरोपी जय मिंज ने कुएं के पास खेत में किशोरी के साथ कई बार रेप किया। सहमी किशोरी ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। घटना के बाद किशोरी अपने घर वापस लौट आई। आरोपी जय मिंज ने कुछ दिनों पूर्व फिर से किशोरी से संपर्क किया और उसके साथ संबंध बनाने के लिए कहा। इस कारण पीड़िता काफी परेशान हो गई। किशोरी ने इसकी जानकारी अपनी चचेरी बहन को दी। बहन ने परिजनों को घटना के बारे में बताया और पीड़िता के साथ थाने पहुंच घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 64(2) बीएनएस एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी जय मिंज निवासी कांतिप्रकाशपुर, थाना कोतवाली अंबिकापुर’ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। बतौली थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


