कपूरथला में मैरिट होल्डर छात्राओं को मिला खास मौका:डीसी-एसएसपी ने 6 होनहार छात्राओं के साथ बिताया दिन, दी सफलता की सीख

कपूरथला में पंजाब सरकार की पहल ‘एक दिन डीसी और एसएसपी के साथ’ कार्यक्रम के तहत एक विशेष आयोजन हुआ। इसमें 10वीं और 12वीं की मैरिट होल्डर 6 छात्राओं को डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पांचाल और एसएसपी गौरव तूरा के साथ पूरा दिन बिताने का अवसर मिला। इस दौरान छात्राओं ने दोनों अफसरों के साथ प्रशासनिक कार्यों को नजदीक से देखा और समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को समझा। 10वीं कक्षा से तीन प्रतिभाशाली छात्राएं इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। मनप्रीत कौर ने सरकारी स्कूल हरबंसपुर, फगवाड़ा से 96.77% अंकों के साथ मैरिट में 227वां स्थान प्राप्त किया। कमलजीत कौर ने सरकारी स्कूल रिहाना जट्टां से 96.46% अंक हासिल किए। अंजलि कुमारी ने सरकारी स्कूल फगवाड़ा से 95.84% अंक प्राप्त किए। 12वीं कक्षा की छात्राओं में अंकिता शर्मा ने जीबीएचएस सरकारी स्कूल काला संधिया से मैरिट में 261वां स्थान प्राप्त किया। रवनीत कौर और तानिया सिंह, दोनों सरकारी स्कूल बेगोवाल की छात्राओं ने क्रमशः 271वां और 290वां स्थान हासिल किया। छात्राओं ने दिनभर प्रशासनिक कार्यों को देखा छात्राओं ने दिनभर प्रशासनिक कार्यों को नजदीक से देखा। उन्होंने लोगों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को समझा। डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी कार्यालय में छात्राओं ने पूरे दिन दफ़्तरी कामकाज को नजदीक से देखा। उन्होंने बाढ़ रोकथाम प्रबंधों से संबंधित मीटिंग की कार्रवाई देखी। डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी द्वारा छात्राओं को अपनी सरकारी आवास पर दोपहर का भोजन भी करवाया गया और शाम को दिनभर की गतिविधियों के बारे में जानकारी भी प्राप्त की। जिंदगी का सुनहरा दिन : कमलजीत छात्रा कमलजीत ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ‘यह उनकी जिंदगी का सुनहरा दिन है, क्योंकि वह भी यूपीएससी टेस्ट पास करके सिविल सेवा में आना चाहती है और आज उसे अपनी जिंदगी का लक्ष्य मिल गया है।’ इसी तरह छात्रा अंजलि ने कहा कि ‘उसे आज पूरे दिन जिले के सीनियर अधिकारियों के साथ रहकर यह महसूस हुआ कि किसी भी मुकाम पर पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की जरूरत है।’ उसने कहा कि उसके सपनों को उड़ान मिली है और वह हर चुनौती को पार करके डॉक्टर बनेगी। डिप्टी कमिश्नर द्वारा छात्राओं को उनकी पढ़ाई में उपलब्धियों के लिए प्रशंसा पत्र और किताबों से सम्मानित भी किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *