बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में दो युवकों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को दमनात्मक बताते हुए धरना-प्रदर्शन किया और चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की मांग की। मामले में भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर आदतन अपराधियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है। जिन युवकों पर कार्रवाई की गई है, वे जिलाबदर किए जा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, 18 जून को वाड्रफनगर पुलिस ने आदतन बदमाश मयंक यादव और युवराज गोस्वामी के खिलाफ मारपीट की शिकायत पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। कार्रवाई को अनुचित बताते हुए सोमवार को वाड्रफनगर बस स्टैंड में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया और चौकी प्रभारी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की। युवकों को थाने बुला कार्रवाई का आरोप
धरने में पूर्व मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष केपी सिंहदेव सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस का आरोप है कि रात में दोनों युवकों को पूछताछ के बहाने चौकी बुलाया गया और फिर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई कर दी गई। थाने में दोनों के साथ मारपीट भी की गई, जो पूरी तरह से दमनात्मक और नियम विरुद्ध है। बड़े स्तर पर आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने मयंक यादव व युवराज गोस्वामी के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में पूर्व में वाड्रफनगर एसडीएम एवं एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा था। अब पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे जिले में आंदोलन किया जाएगा। विधायक बोली- गुंडा तत्वों के खिलाफ जारी रहेगी सख्ती
मामले को लेकर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि कांग्रेस जिन युवकों के पक्ष में प्रदर्शन कर रही है, उनमें मयंक यादव के खिलाफ वाड्रफनगर थाने में 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह हाल ही में जिलाबदर से मुक्त हुआ है। भाजपा सरकार में गुंडा तत्वों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी और पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह से नियमों के तहत है। पुलिस का दावा, मारपीट करने पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 18 मई की रात बनारस से लौट रहे अंबिकापुर निवासी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने शिकायत दी कि वाड्रफनगर बस स्टैंड पर मयंक और युवराज ने उसके साथ गाली-गलौच की। डरा-सहमा राघवेंद्र पेट्रोल पंप में छिप गया, जिसे पुलिस ने सुरक्षित चौकी पहुंचाया। इसके बाद आरोपी युवक चौकी के सामने पहुंचकर विवाद करने लगे, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मयंक यादव पर पहले से कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं और वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।


