केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा संसद में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति की गई टिप्पणी का कांग्रेस ने विरोध किया है। इसको लेकर मंगलवार दोपहर जिला कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। पूर्व सभापति पायल सैनी ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह ने संसद को मंच बनाकर संविधान निर्माता अंबेडकर का अपमान किया है। संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित विशेष चर्चा के दौरान विपक्ष पर हमला करने के जोश में गृह मंत्री शाह ने अंबेडकर के प्रति अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणी की है। सुजानगढ विधायक मनोज मेघवाल ने कहा कि संसद में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अंबेडकर का अपमान किया गया है। इसको लेकर गृह मंत्री ने न तो क्षमा मांगी है और ना ही अपनी टिप्पणी को हटाया है। इसके चलते पूरे देश में कांग्रेस पार्टी में आक्रोश है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने चूरू में विरोध प्रदर्शन किया है। अंबेडकर सर्किल से लेकर आपणी योजना जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर विरोध जताया है। वहां राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा को ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस यह मांग करती है कि राष्ट्रपति व देश की सर्वोच्च संवैधानिक अधिकारी के रूप में अमित शाह को तुरन्त केन्द्रीय गृह मंत्री के पद से बर्खास्त करें और बाबा साहेब अंबेडकर के प्रति की गई टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। इस मौके पर रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंद्राज खीचड़, पूर्व सभापति गोविन्द महनसरिया, कांग्रेस प्रदेष सचिव मुश्ताक खान, शहर ब्लॉक अध्यक्ष असलम खोखर, देहात ब्लॉक अध्यक्ष किशोर दांदू, प्रदेश सचिव रियाजत अली खान, जमील चौहान, महावीर सिंह, सोहनलाल मेघवाल, श्रवण कुमार बसेर, किशनाराम बाबल, कमला पूनिया, ओमप्रकाश नाई, बुधाराम मेहरा, रामेश्वर प्रजापति सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।


