लातेहार पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में कामयाबी:जंगल में छिपाकर रखे 8 केन बम बरामद, भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

लातेहार पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में नेतरहाट थाना क्षेत्र के आधे गांव के तुतापानी जंगल में चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। जंगल में पुलिस बल को नुकसान पहुंचाने के इरादे से छिपाकर रखे गए आठ केन बम बरामद किए गए। हर बम में आधा किलो विस्फोटक भरा हुआ था। मौके पर पहुंची सीआरपीएफ की बीडीडीएस टीम ने सभी बमों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को नक्सलियों का बड़ा असलहा भंडार भी मिला। पुलिस ने एक 7.62 एमएम की एसएलआर राइफल, एक 9 एमएम की कार्बाइन, 150 जिंदा कारतूस, 40 अदद 5.56 एमएम के कारतूस और 79 अदद 9 एमएम के कारतूस बरामद किए। इसके अलावा राइफल और कार्बाइन के मैगजीन, एक मोटोरोला वायरलेस सेट समेत अन्य नक्सली सामग्री जब्त की गई है। तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त कार्रवाई इस अभियान में लातेहार जिले के मनिका थाना प्रभारी शशी कुमार और गारू थाना प्रभारी पारसमणि की अगुवाई में झारखंड पुलिस, आईआरबी, एसएसबी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने हिस्सा लिया। सभी बलों ने सामूहिक समन्वय के साथ नक्सलियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, जिससे यह सफलता हाथ लगी। हालिया मुठभेड़ से जारी है सघन अभियान गौरतलब है कि इसी क्षेत्र के चोरहा टोला में 26 मई को हुई मुठभेड़ में पुलिस ने भाकपा माओवादी के 5 लाख रुपए के इनामी नक्सली मनीष यादव उर्फ मनीष को ढेर कर दिया था। इस कार्रवाई के दौरान 10 लाख रुपए के इनामी जोनल कमांडर कुंदन खरवार उर्फ सुधीर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। इस मुठभेड़ के बाद से ही लातेहार पुलिस लगातार क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान चला रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *