देवघर में स्कूटी हटाने को लेकर विवाद में फायरिंग:युवक के बाएं हाथ में लगी गोली, स्थानीय थे सभी बदमाश, हुए फरार

देवघर जिले में बुधवार दोपहर एक मामूली विवाद अचानक हिंसा में तब्दील हो गया। रिखिया थाना क्षेत्र के पुनसिया मोहल्ले में कुछ स्थानीय बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी और फरार हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से घायल युवक की पहचान मनु राउत के रूप में हुई है। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनके बाएं हाथ में गोली लगी है और स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्कूटी खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद घायल मनु राउत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपनी स्कूटी को सड़क किनारे खड़ा कर किसी काम से रुके थे। तभी वहां कुछ युवक आए और स्कूटी हटाने को कहा। मनु के अनुसार, उन्होंने स्कूटी हटाने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर हो गई। इसी बात पर गुस्साए युवकों ने बिना कुछ कहे तमंचे से फायर कर दिया और वहां से भाग निकले। मनु ने हमलावरों को स्थानीय बताया, हालांकि वह उनका नाम नहीं जानते। उन्होंने कहा कि ये युवक अक्सर मोहल्ले में घूमते नजर आते हैं और लोगों को डराने-धमकाने का काम करते हैं। घटना के दौरान कई लोग मौके पर मौजूद थे, जो इस वारदात के चश्मदीद गवाह हैं। पुलिस ने घायल का लिया बयान घटना की सूचना मिलते ही रिखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इधर, पुनसिया इलाके के लोगों में घटना के बाद भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस इलाके में असामाजिक तत्वों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। बदमाशों के ठिकाने बनने से लोग दहशत में जी रहे हैं, लेकिन सुरक्षा की चिंता और डर के कारण कोई खुलकर विरोध नहीं कर पाता।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *