जगराओं में 2 जून को किसानों की रैली:बोले- डंडे के बल पर चल रही पंजाब सरकार, संगरूर थाने में युवक को करंट लगाया

जगराओं में 2 जून को किसान संगठनों की महारैली होगी। बुधवार को नई दाना मंडी में किसान नेताओं ने बैठक कर रैली की तैयारियां की। किसान और मजदूर संगठनों का आरोप है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार किसानों की आवाज दबा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार अब दिल्ली से नकारे जा चुके पार्टी अध्यक्ष की उंगली पकड़कर खुद को भी अस्वीकार करवाने की राह पर चल पड़ी है। सरकार ने अपने हकों की मांग कर रहे किसानों, मजदूरों और बेरोजगारों पर पुलिसिया जुल्म तेज कर दिए हैं। संगठनों ने कहा कि सरकार ने पिछले कुछ महीनों में कई बार किसानों पर कार्रवाई की है। 5 मार्च को चंडीगढ़ में प्रदर्शन कर रहे किसानों को गिरफ्तार किया गया। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर भी किसानों पर कार्रवाई हुई। लुधियाना और जालंधर में बायोगैस फैक्ट्रियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने झूठे केस दर्ज करने जैसी कार्रवाई की। थाने में युवक को बिजली का करंट लगाया
किसान और मजदूर संगठनों ने कहा कि अमृतसर और गुरदासपुर में भारत माला परियोजना का विरोध कर रहे किसानों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। 20 मई को संगरूर में जींद के राजा की जमीन पर बेगमपुरा बसाने जा रहे मजदूरों को गिरफ्तार किया गया। थाने में एक युवक नरिंदर सिंह को बिजली का करंट भी लगाया गया। 2 जून को सुबह 11 बजे नई अनाज मंडी जगराओं में रैली होगी। इसके बाद शहर में प्रदर्शन किया जाएगा। किसान नेता मनजीत सिंह धनेर की अगुआई में संयुक्त किसान मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक में रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। कर्नल बाठ पर हुई पुलिस कार्रवाई के दोषियों को सजा दिलाने की मांग भी की जाएगी। किसान नेताओं ने कहा कि मान सरकार अब डंडे के बल पर शासन चला रही है। संगरूर और बठिंडा में पुलिस बर्बरता के खिलाफ पहले ही बड़े प्रदर्शन हो चुके हैं। अब जगराओं की रैली में सरकार को सख्त चेतावनी दी जाएगी कि वह जनता के संघर्षों से दूर रहे। बदलाव वाली सरकार के सभी आत्यचारों का जवाब पंजाब के लोग चुनावों में देकर बदलाव लेकर आएगे। बैठक में भारतीय किसान यूनियन एकता डकोदा से इंदरजीत सिंह धालीवाल, जगजीत सिंह कलेर, हाकम सिंह, चरण सिंह नूरपुरा, भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां से जसवंत सिंह, बलराज सिंह, जम्हूरी किसान सभा से गुरमेल सिंह रूमी, भारतीय किसान यूनियन लाखोवाल से जोगिंदर सिंह ढिल्लों, किरती किसान यूनियन से बलविंदर सिंह कोठे पोना और बायोगैस फैक्ट्री विरोधी संघर्ष समन्वय समिति से कंवलजीत खन्ना मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *