छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत कांकेर जिले के ग्राम मांदरी का आकस्मिक दौरा किया। वे हेलीकॉप्टर से मांदरी पहुंचे। यह उनका 27वां जिला दौरा था। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का फीडबैक लिया। जमीन रजिस्ट्री प्रक्रिया के सरलीकरण की जानकारी दी। जनचौपाल में विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री, नए आवास की चाबी और सहायक उपकरण वितरित किए। मुख्यमंत्री ने मांदरी के आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। बच्चों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। साय ने बच्चों की ईसीसी गतिविधि और अक्षर ज्ञान की जानकारी ली। बच्चों ने कविता सुनाई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें चॉकलेट बांटी। उन्होंने आंगनबाड़ी में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। सुशासन तिहार के तहत चयनित क्लस्टर ग्राम पंचायतों में लगे समाधान शिविरों में मिले आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं से भी बातचीत की। महतारी वंदन पैसे से खुलवाई सुकन्या योजना का खाता इस दौरान मांदरी की इतवारी बाई ने बताया महतारी वंदन के पैसे से सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बेटी के सुरक्षित भविष्य के लिए खाता खुलवाया। अन्य घरेलू खर्चों के लिए भी महतारी वंदन योजना से मिली राशि का उपयोग वह करती हैं। एक अन्य हितग्राही महिला ने बताया कि महतारी वंदन योजना के चलते उनकी दैनिक जरूरतें पूरी हो जाती हैं और किसी से कुछ मांगने की जरूरत ही नहीं पड़ती। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से मुख्यमंत्री साय ने फीड बैक लिया। अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र से ग्रामीणों को राहत मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि ग्राम स्तर पर सेवाओं और सुविधाओं का विस्तार करते हुए ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र भी शुरू किए गए हैं। इसके तहत हर ब्लॉक के 10-10 पंचायतों में सेवा शुरू की गई है। ग्रामीणों को अब हर छोटे मोटे काम के लिए ब्लॉक मुख्यालय अथवा बैंक नहीं जाना पड़ेगा। इसी तरह जमीन की खरीदी-बिक्री के लिए रजिस्ट्री की प्रक्रिया को प्रदेश सरकार द्वारा सुगम और सरलीकृत किया गया है, जिससे लोगों को भटकना न पड़े। मुख्यमंत्री ने सुक्सी खिलाने के बात कही मुख्यमंत्री ने पटवारी, सचिव, शिक्षक के बारे में पूछा, जिस पर ग्रामीणों ने कहा कि सभी नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं। अपने उद्बोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांकेर जिले की सुक्सी (सूखी मछली) बहुत स्वादिष्ट होती है। यहां के विधायक नेताम समय-समय पर सुक्सी का स्वाद चखाते हैं। ग्रामीणों को दी 3.90 करोड़ रुपए के कार्यों की सौगात मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर कुल 03 करोड़ 90 लाख रूपए के चार कार्यों की सौगात दी। उन्होंने मांदरी के हाईस्कूल अहाता निर्माण हेतु 20 लाख की घोषणा की। इसके अलावा मांदरी आंगनबाड़ी केंद्र भवन में बाउंड्रीवाल के लिए 5 लाख की स्वीकृति, साल्हेभाट मुख्यमार्ग से 600 मीटर सीसी सड़क निर्माण हेतु 15 लाख की स्वीकृति तथा झूरानाला से खेतों में सिंचाई के लिए नहर सुधार कार्य के लिए 3.50 करोड़ की स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री ने किया विभिन्न सामग्रियों का वितरण मुख्यमंत्री साय द्वारा किसानों को कृषि आदान सामग्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से मनरेगा जॉब कार्ड और नवनिर्मित आवास की सांकेतिक चाबी, समाज कल्याण विभाग की ओर से सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके अलावा जिला प्रशासन की विशेष पहल ‘मावा मोदोल’ की नवीन पुस्तक ‘नई दिशा’ का निःशुल्क वितरण उपस्थित विद्यार्थियों को किया। कार्यक्रम में यह रहे उपस्थित कार्यक्रम में कांकेर विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, राज्य समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉं. बसवराजू एस, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, डीआईजी कांकेर अमित तुकाराम कांबले, कांकेर कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, एसएसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला सहित अन्य अधिकारीगण व काफी संख्या ग्रामीणजन उपस्थित थे।


