छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के वनांचल ग्राम केंवची में गिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह ट्रैक्टर गांव के सरपंच दुर्गेश सिंह उइके की थी और अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के अंतर्गत रेझकी गांव के पास वन विभाग के रपटा निर्माण कार्य में गिट्टी ढोने के लिए इस्तेमाल की जा रही थी। हादसा उस समय हुआ जब आमाडोब रिसोर्ट के पास से गिट्टी लादकर जंगल के कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टर को एक अनट्रेंड ड्राइवर चला रहा था। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत इस हादसे में ट्रैक्टर चालक मनीष बैगा (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। मनीष बैगा आदिवासी समुदाय से था। ट्रैक्टर में सवार अन्य मजदूरों में राजू बैगा उर्फ पकसु बैगा को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। अखिलेश बैगा (22 वर्ष) को सिर और हाथ में चोटें आईं, जबकि अप्रेस बैगा (20 वर्ष) को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस ने अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।


