खनिज के अवैध परिवहन एवं उत्खनन पर लगाए प्रभावी रोक- कलेक्टर

कलेक्टर ने किया खदानों का निरीक्षण, अवैध खनन रोकने के दिए निर्देश

अनूपपुर। कलेक्टर हर्षल पंचोली ने आज अनूपपुर जिले के शारदा ओपन कास्ट खदान में हाई वॉल माइनिंग पद्धति से खनिज कोयला उत्पादन की जानकारी ली गई। इस अवसर पर उन्होंने खनिज विभाग के अधिकारियों को अवैध खनन (इलीगल माइनिंग) पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खदान के आंतरिक ओपन पिट क्षेत्र, ट्रकों की आवाजाही के रूट, सुरक्षा चेक पोस्ट तथा निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से खदान से संबंधित तकनीकी एवं सुरक्षा पहलुओं की जानकारी प्राप्त की और समुचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ट्रकों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने तथा खनिज के अवैध परिवहन को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री पंचोली ने खनिज अधिकारी को निर्देशित किया कि वे खदानों से निकलने वाले एक्सप्लोसिव ट्रकों की नियमित रूप से जांच करें और इस कार्य के लिए एक प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित करें। साथ ही उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा राजस्व अमले के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से खदानों की सतत मॉनिटरिंग करने की बात कही।
कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि जिले में खनन कार्यों की पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि खदानों से निकलने वाले ट्रकों का वजन, दस्तावेज़ एवं रूट की नियमित जांच हो तथा निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खदानों के आसपास रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जाए। इस दिशा में खनन कंपनियों को सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए उचित कदम उठाने होंगे। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर कमलेश पुरी, जिला खनिज अधिकारी श्रीमती आशालता वैद्य, तहसीलदार अनूपपुर अनुपम पांडेय, खनिज निरीक्षक श्रीमती ईशा वर्मा, खदान प्रबंधन तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने किया बकही सोन नदी क्षेत्र का निरीक्षण

अनूपपुर। कलेक्टर  हर्षल पंचोली ने आज बकही सोन नदी क्षेत्र का निरीक्षण कर रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खनिज एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों विभाग मिलकर संयुक्त अभियान चलाएं और अवैध रेत उत्खनन में लिप्त व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी हॉटस्पॉट चिन्हित किए जाएं जहां से सबसे अधिक रेत का अवैध परिवहन होता है। इन स्थलों पर चेक पोस्ट स्थापित कर प्रभावी निगरानी की जाए। कलेक्टर पंचोली ने यह भी निर्देश दिए कि अवैध उत्खनन की घटनाओं की निगरानी गूगल लोकेशन एवं जीपीएस तकनीक के माध्यम से की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध रेत परिवहन के प्रमाण मिलते हैं, उन वाहनों को जब्त कर उनके विरुद्ध कुर्की एवं आर्थिक दंड की कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्यवाही केवल खनिज विभाग तक सीमित न रहकर राजस्व विभाग के सहयोग से की जाए, जिससे अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाया जा सके। साथ ही खदानों एवं नदियों के पास नाके स्थापित किए जाएं और वाहनों की नियमित जांच हो। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर कमलेश पुरी, जिला खनिज अधिकारी श्रीमती आशालता वैद्य, तहसीलदार अनूपपुर अनुपम पांडेय, खनिज निरीक्षक श्रीमती ईशा वर्मा खदान प्रबंधन तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *