बिलासपुर जिले में नारकोटिक्स दवाइयों की अवैध बिक्री रोकने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। इसके लिए सभी मेडिकल दुकानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बावजूद बिलासपुर जिले के तखतपुर की श्री मेडिकल एवं जनरल स्टोर में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाने पर उसे नोटिस दी गई है। दरअसल, कलेक्टर संजय अग्रवाल और सीएमएचओ डॉ. प्रमोद तिवारी के निर्देश पर मेडिकल स्टोर्स का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन निरीक्षक सुनील पण्डा ने तखतपुर में 16 दवा दुकानों का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरा नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी श्री मेडिकल एवं जनरल स्टोर में सीसीटीवी कैमरा नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन दिन के भीतर कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया है। शेष 15 मेडिकल स्टोर्स में सीसीटीवी कैमरे लगे मिले। निरीक्षक ने सभी दुकान मालिकों को निर्देश दिए हैं कि कैमरे सिर्फ दिखावे के लिए नहीं होने चाहिए। उन्हें सही तरीके से कार्यरत रखना होगा और जरूरत पड़ने पर फुटेज उपलब्ध कराना होगा। प्रशासन का यह कदम युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए उठाया गया है। एन कार्ड समिति की बैठक में नारकोटिक्स दवाइयों के स्रोत मेडिकल दुकानों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।


