करौली जिला मुख्यालय पर मंगलवार को निकाली गई हिंदू स्वाभिमान यात्रा में मंगल कलश थामे महिलाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। डीजे पर बजते भजनों और जय श्री राम के जयकारों से क्षेत्र का माहौल धर्म मय हो गया। इस मौके पर हजारों की संख्या में महिलाएं कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं। यात्रा में धार्मिक झांकियां सजाई गई तो वहीं यात्रा में महापुरुषों की झांकियां भी शामिल थी। लोग भजनों और जय श्री राम के जयकारों के बीच उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे। यात्रा में सनातन महाराज एक बग्गी में सवार थे। वहीं दो अन्य बग्गियों में संत हरिद्रानंद महाराज, प्रवीर देव सहित अन्य संत सवार थे। इसके अलावा यात्रा में करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा, पूर्व सांसद डॉक्टर मनोज राजोरिया सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। यात्रा को लेकर शहर के व्यापारिक संगठनों ने अपना पूरा सहयोग करते हुए शहर के बाजार बंद रखे और जगह-जगह स्वागत द्वार लगाने के साथ पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शहर के बाजारों में जगह-जगह आकर्षक सजावट और रंगोलियां सजाई गई और विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। माथुर स्टेडियम से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों से निकल यात्रा रामद्वारा पहुंची। यात्रा में झांकियों ने मन मोह लिया। इस दौरान बनारस से आया डमरू वादक दल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इस मौके पर आयोजन समिति संयोजक रमेश राजोरिया, अध्यक्ष सतवीर चंदीला, वेद प्रकाश उपाध्याय, बंटू नेता, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष मदन मोहन पचौरी, विपिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में धर्म प्रेमी मौजूद रहे। यात्रा की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी कलेक्टर नीलाभ सक्सेना और एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय थाने में बैठकर कर रहे थे। साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता शहर के बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात था। एएसपी गुमना राम, डीएसपी अनुज शुभम, डीएसपी कन्हैया लाल यात्रा के साथ चल रहे थे। यात्रा की ड्रोन के द्वारा भी निगरानी की गई।


