जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, सुरक्षित स्कूल वाहन नीति का सख्ती से अनुपालन करने के निर्देश

भास्कर न्यूज | जालंधर सड़क सुरक्षा नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए सचिव आरटीए बलबीर राज सिंह की अगुआई में जिला सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक हुई। जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों व सदस्यों ने भाग लिया। जिला प्रशासकीय परिसर में बैठक के दौरान सचिव आरटीए ने ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने, कम उम्र में वाहन चलाने, ओवर स्पीडिंग समेत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस व ट्रांसपोर्ट विभाग के अधिकारियों को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सांझा तौर पर चेकिंग अभियान चलाने के साथ-साथ जागरूकता गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने गैर सरकारी संगठनों से भी जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सुरक्षित स्कूल वाहन नीति का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्कूल प्रशासकों को नीति की शर्तों के बारे में जागरूक करने को कहा ताकि स्कूली वाहनों द्वारा सभी सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित किया जा सके। सचिव आरटीए ने पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के अधिकारियों को दुर्घटना का कारण बनने वाले ब्लैक स्पॉट व अन्य बाधाओं को दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा। उन्होंने हिट एंड रन के सभी मामलों में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार एफआईआर दर्ज करने की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि कोई भी घटना बिना रिपोर्ट किए ना रह जाए। सचिव आरटीए ने जिला निवासियों से यातायात नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की। ​​इस अवसर पर आरटीओ अमनपाल सिंह, एडीसीपी गुरबाज सिंह, जॉइंट कमिश्नर नगर निगम डॉ. सुमनदीप कौर, एसडीएम नकोदर लाल विश्वास बैंस, एआरटीओ विशाल गोयल और विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *