भास्कर न्यूज| अमृतसर ट्रस्ट अफसरों के लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। माल मंडी के एलआईजी फ्लैट में 2 दिन पहले एक शख्स की मौत हो गई थी और लोगों ने बिजली कट लगने के कारण दम घुटने का आरोप लगाया था। दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से खबर बीते 28 मई को प्रकाशित की। जिसके बाद डीसी व ट्रस्ट चेयरमैन के हस्तक्षेप पर पावरकॉम ने कनेक्शन जोड़ दिया है। वहीं पावरकॉम एक्स-ईएन का कहना है कि 3 सालों में करीब 27 लाख रुपए ट्रस्ट का बिल बकाया पहुंचने पर बीते 27 मई को तार काट दिया था। वहीं फ्लैट में रह रहे लोगों ने विरोध जताया कि यह कार्रवाई ठंड में पावरकॉम ने क्यों नहीं की। जिसके बाद फ्लैट-वासियों ने चेयरमैन व डीसी तक अपनी बात पहुंचाई तो भरोसा मिला कि बिजली जल्द ही बहाल हो जाएगी। 29 मई को लोग डीसी से मुलाकात करने पहुंचे लेकिन पीए ने यह कहकर वापस लौटा दिया कि बिजली चालू कराने का भरोसा दिलाया था, जो पूरा हो गया। बाकी का काम ट्रस्ट का है। जिसके बाद डीसी से मुलाकात किए बगैर निराश होकर लोग वापस लौट गए। चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।


