कांग्रेस नेता के पूर्व-PA को जासूसी के शक में पकड़ा:सरकारी कर्मचारी विभाग को बिना बताए गया था पाकिस्तान, बीजेपी ने डोटासरा से मांगा जवाब

जैसलमेर में सुरक्षा एजेंसियों ने जासूसी के शक में एक सरकारी कर्मचारी को पकड़ा है। सरकारी कर्मचारी शकूर खान मंगालिया जिला रोजगार कार्यालय में क्लर्क (बाबू) है। आरोप है कि वह अपने विभाग को बिना बताए पाकिस्तान की यात्रा पर गया था। शकूर खान मंगलियों की ढाणी, बड़ोडा गांव का निवासी है। वह 2008 में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता सालेह मोहम्मद के निजी सहायक (PA) के तौर पर भी काम कर चुका है। उस वक्त सालेह मोहम्मद पोकरण से विधायक थे। शकूर को बुधवार को रोजगार कार्यालय से सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ा। उससे पाकिस्तान यात्रा को लेकर पूछताछ की गई। जैसलमेर में पूछताछ के बाद रात को उसे जयपुर लेकर गए। बताया जा रहा है कि वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है, इसलिए उससे जयपुर में सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ करेंगी। इधर, इस मामले पर राजस्थान भाजपा ने X (ट्विटर) पर पोस्ट कर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से जवाब मांगा है। पाकिस्तान यात्रा ने बढ़ाया शक
जानकारी के मुताबिक शकूर खान कुछ समय पहले बिना विभागीय अनुमति के पाकिस्तान गया था। पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा एजेंसियां काफी सतर्क हो चुकी हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। शकूर की इस संदिग्ध गतिविधि के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने उसे डिटेन किया है। शकूर के सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद विभाग को बिना सूचना दिए पाकिस्तान यात्रा करने पर उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में सहयोग नहीं कर रहा
शकूर खान से संयुक्त जांच कमेटी (JIC) ने गहन पूछताछ की। विभिन्न जांच एजेंसियां ने मिलकर इस मामले की तह तक जाने की कोशिश की है। लेकिन, बताया जा रहा है कि शकूर ने जांच में सहयोग नहीं किया। दरअसल, भारत-पाक सीमा के नजदीक होने के कारण जैसलमेर संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। फिलहाल इस मामले में कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पढ़िए, बीजेपी राजस्थान का ट्वीट… केंद्रीय मंत्री बोले- राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को मिले सजा
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उदयपुर में मीडिया से कहा- पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के पीए रहे व्यक्ति को जासूसी के आरोप में हिरासत में लिया। यह चिंता का विषय है। इसकी ठीक से जांच होनी चाहिए। राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता और खिलवाड़ करने वाले लोगों को अपने किए की सजा मिलनी चाहिए। बीजेपी आईटी सेल के हेड ने कहा- गोपनीय सूचनाएं पाक अफसरों को भेजता था
बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने ‘X’ पर पोस्ट कर कांग्रेस पर हमला बोला है। मालवीय ने लिखा- ‘राजस्थान में कांग्रेस के पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के निजी सहायक शकूर खान पर पाकिस्तान की ISI के लिए जासूसी करने के पुख्ता सबूत मिले हैं। वह सीमावर्ती इलाकों की गोपनीय सूचनाएं पाक अधिकारियों से साझा करता था। शकूर खान सरकारी कर्मचारी है और कई बार सरकार को बिना बताए पाकिस्तान की यात्रा भी कर चुका है। कांग्रेस के खून में ही पाकिस्तान-परस्ती है।’ ——————————————————————————————————— यह खबर भी पढ़ें… जासूस पठान खान ने पाकिस्तान में ली थी ट्रेनिंग:ISI अधिकारियों को देकर आया भारतीय सिम, जैसलमेर में सेना के मूवमेंट की जानकारियां भी भेजी जैसलमेर में करीब एक महीने पहले पकड़े गए पाकिस्तानी जासूस से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जासूस पठान खान (40) ने इंटेलिजेंस एजेंसियों को पूछताछ में बताया कि उसने पाकिस्तान में जासूसी की ट्रेनिंग ली थी। इसके बदले उसको मोटी रकम दी गई थी। (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *