कांग्रेस नेताओं की आलोचना पर थरूर बोले:मैंने सिर्फ आतंकवादी हमलों पर भारत की प्रतिक्रिया पर बात की, मेरे विचारों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे

ऑपरेशन सिंदूर पर भाजपा सरकार का समर्थन करने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर लगातार अपनी ही पार्टी के नेताओं की आलोचना का सामना कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने इस पर सफाई दी और कहा कि आलोचक और ट्रोल्स उनके विचारों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं। हालांकि, उसने किसी का नाम नहीं लिया। थरूर ने X पर एक पोस्ट में लिखा- ‘LoC के पार भारतीय वीरता के बारे में मेरी कथित अज्ञानता पर भड़कने वाले कट्टरपंथियों को मैं बताना चाहता हूं कि मैं स्पष्ट रूप से केवल आतंकवादी हमलों के प्रतिशोध के बारे में बोल रहा था, न कि पिछले युद्धों के बारे में। लेकिन हमेशा की तरह मेरे शब्दों और विचारों को तोड़ा-मरोड़ा गया।’ दरअसल, मंगलवार को थरूर ने पनामा में 2016 के उरी सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 के बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत सरकार की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि हाल के सालों में आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख बदला है। पहले ऐसा नहीं होता था। कांग्रेस नेता ने थरूर से पूछा- इतने बेईमान कैसे हो सकते हैं?
थरूर के बयान पर कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने X पर पोस्ट में लिखा, ‘मैं PM मोदी से कहूंगा कि वे आपको भाजपा का सुपर प्रवक्ता घोषित कर दें या भारत आने से पहले ही विदेश मंत्री घोषित कर दें। आप कांग्रेस के स्वर्णिम इतिहास को यह कहकर कैसे बदनाम कर सकते हैं कि PM मोदी से पहले भारत ने कभी भी LOC और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार नहीं की। जिस पार्टी ने आपको इतना कुछ दिया, उसके प्रति आप इतने बेईमान कैसे हो सकते हैं? उदित राज के अलावा भी कांग्रेस के कई नेता थरूर की आलोचना कर चुके हैं। थरूर ने 8 मई को कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर पाकिस्तान और दुनिया के लिए मजबूत संदेश है। भारत ने 26 बेकसूर नागरिकों की मौत का बदला लेने के लिए सटीक कार्रवाई की। थरूर के इस बयान के बाद से ही कांग्रेस के कई नेता उनसे नाराज चल रहे हैं। दिल्ली में 14 मई को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में पार्टी के नेताओं ने थरूर की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि यह निजी विचार व्यक्त करने का समय नहीं है, बल्कि पार्टी के आधिकारिक रुख को स्पष्ट करने का समय है। कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, लेकिन लोग अपनी राय व्यक्त करते रहते हैं। इस बार थरूर ने लक्ष्मण रेखा पार कर ली है। थरूर ने अपनी सफाई में कहा कहा, पढ़िए… पनामा में एक लंबे और सफल दिन के बाद, मुझे आधी रात को यहां से निकलकर छह घंटे बाद कोलंबिया में बोगोटा के लिए निकलना है। मेरे पास वास्तव में समय नहीं है, लेकिन फिर भी: उन कट्टरपंथियों के लिए जो अतीत में LoC के पार भारतीय वीरता के बारे में मेरी कथित अज्ञानता के बारे में भड़के हुए हैं: 1. मैं स्पष्ट रूप से केवल आतंकवादी हमलों के प्रतिशोध के बारे में बोल रहा था, न कि पिछले युद्धों के बारे में 2. मेरी टिप्पणियों से पहले हाल के वर्षों में हुए कई हमलों का संदर्भ दिया गया था, जिसके दौरान पिछले भारतीय प्रतिक्रियाएं LoC और इंटरनेशनल बॉर्डर के प्रति हमारे जिम्मेदार सम्मान के कारण संयमित और विवश थीं। लेकिन हमेशा की तरह, आलोचकों और ट्रोल्स ने मेरे विचारों और शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया, जिसका स्वागत है। मेरे पास सच में करने के लिए बेहतर काम हैं। गुड नाइट। थरूर का वो बयान, जिस पर विवाद हुआ- पिछले कुछ सालों में देश में बदलाव आया है। अब आतंकवादियों को एहसास हो गया है कि उन्हें कीमत चुकानी होगी। सितंबर 2016 में ​​पहली बार भारत ने एक आतंकी लॉन्च पैड पर सर्जिकल स्ट्राइक करने के लिए LoC का उल्लंघन किया था। इससे पहले भारत ने ऐसा पहले कभी नहीं किया था। कारगिल युद्ध के दौरान भी हमने LoC पार नहीं की थी। फिर जनवरी 2019 में पुलवामा में हमला हुआ। तब बालाकोट एयर स्ट्राइक के दौरान हमने न केवल LoC बल्कि इंटरनेशनल बॉर्डर भी पार किया। इस बार, ऑपरेशन सिंदूर के समय, हम उन दोनों से आगे निकल गए हैं। हमने न केवल LoC और इंटरनेशनल बॉर्डर को पार किया, बल्कि नौ आतंकी ठिकानों पर हमला करके पाकिस्तान के पंजाबी गढ़ पर हमला किया है।
पवन खेड़ा बोले- थरूर अपनी किताब में सर्जिकल स्ट्राइक की आलोचना कर चुके
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद शशि थरूर की 2018 में आई किताब ‘द पैराडॉक्सिकल प्राइम मिनिस्टर’ का एक पेज शेयर करके विवाद को और हवा दे दी है। इसमें थरूर ने भाजपा पर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक को चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। खेड़ा ने X पर अपने पोस्ट का कैप्शन लिखा, ‘मैं डॉ. शशि थरूर से सहमत हूं जिन्होंने 2018 में अपनी किताब- ‘द पैराडॉक्सिकल प्राइम मिनिस्टर’ में सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में लिखा था।’ खेड़ा में हैश टैग के साथ लिखा- #ReadingNow, यानी अब पढ़ रहा हूं। किताब के पेज की कुछ लाइनों को हाइलाइट किया गया है। इसमें लिखा है- साल 2016 में पाकिस्तान के साथ LoC पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक और म्यांमार में विद्रोहियों की तलाश में की गई सैन्य छापेमारी का पार्टी (भाजपा) चुनाव के हथियार के रूप में बेशर्मी से इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस ने पहले भी कई ऐसे हमले किए, लेकिन कभी अपने फायदे के लिए उसका इस्तेमाल नहीं किया था।’ केंद्र ने थरूर को ऑपरेशन सिंदूर पर दुनिया को ब्रीफ करने भेजा
केंद्र की मोदी सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष रखने के लिए 7 डेलिगेशन को दुनिया के अलग-अलग देशों में भेजा है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर एक डिलेगशन का नेतृत्व कर रहे हैं। यह डेलिगेशन अमेरिका, गुयाना, पनामा, ब्राजील और कोलंबिया का दौरा करेगा। थरूर के अलावा डेलिगेशन में लोजपा सांसद शांभवी चौधरी, JMM सांसद सरफराज अहमद, TDP के जीएम हरीश बलयागी, भाजपा के शशांक मणि त्रिपाठी, तेजस्वी सूर्या और भुवनेश्वर के लता, शिवसेना के मल्लिकार्जुन देवड़ा, अमेरिका में पूर्व भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू और शिव सेना सांसद मिलिंद देवड़ा शामिल हैं। डेलिगेशन में थरूर के नाम पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई थी
केंद्र सरकार ने 17 मई को दुनिया भर में जाने वाले 7 डेलिगेशन को लीड करने वाले सांसदों के नाम जारी किए थे। इसमें कांग्रेस से एकमात्र सांसद शशि थरूर का नाम था। तब कांग्रेस ने कहा था कि उसने केंद्र को थरूर का नाम नहीं दिया था। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने X पर लिखा, ‘शुक्रवार (16 मई) सुबह संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्ष के नेता राहुल गांधी से बात की थी। उन्होंने विदेश भेजे जाने वाले डेलिगेशन के लिए 4 सांसदों का नाम मांगा था। कांग्रेस ने आनंद शर्मा, गौरव गोगोई, डॉ. सैयद नसीर हुसैन और राजा बरार​​ के नाम दिए थे।’ थरूर ने कहा था- सम्मानित महसूस कर रहा हूं
दूसरी तरफ, शशि थरूर ने डेलिगेशन का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिलने पर केंद्र का आभार जताया। उन्होंने X पर लिखा, ‘मैं हाल की घटनाओं पर हमारे देश का दृष्टिकोण रखने के लिए पांच प्रमुख देशों की राजधानियों में एक सर्वदलीय डेलिगेशन का नेतृत्व करने के लिए भारत सरकार के निमंत्रण से सम्मानित महसूस कर रहा हूं। जब राष्ट्रीय हित की बात होगी और मेरी सेवाओं की जरूरत होगी, तो मैं पीछे नहीं रहूंगा।’ क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने 26 टूरिस्ट्स की हत्या की थी। 7 मई को भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाक में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। सेना ने 100 आतंकियों को मार गिराया था। दोनों देशों के बीच 10 मई की शाम 5 बजे से सीजफायर पर सहमति बनी थी। ……………… भारत-पाकिस्तान सीजफायर से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… पीएम बोले- पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई सिर्फ स्थगित, हमला हुआ तो मुंहतोड़ जवाब देंगे पाकिस्तान के साथ सीजफायर के 51 घंटे बाद PM मोदी ने सोमवार रात 8 बजे देश को संबोधित किया था। अपने 22 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर, सीजफायर, आतंकवाद, सिंधु जल समझौते और PoK पर बात की थी। PM ने कहा था कि जिन आतंकियों ने हमारी मां-बहनों का सिंदूर मिटाया, हमने उन्हें मिटा दिया। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *