ग्वालियर के तिघरा सौजना इलाके से 15 दिन पहले लापता हुईं दो बहनों को पुलिस ने मुरैना रोड रायरू के पास से बरामद किया था। नाबालिग और उसकी बहन ने कोर्ट में अपहरण होने की बात को खारिज करते हुए अपनी मर्जी से दोस्तों के साथ जाना कुबूल किया था, लेकिन अभी चार दिन पहले एसपी ऑफिस पहुंचकर सूचना दी कि दबाव में उन्होंने ऐसा बयान दिया है। उनके साथ दोस्तों ने दुष्कर्म किया था। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने दोनों बहनों का अपहरण करने वालों के खिलाफ अब दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। अभी दोनों आरोपी नहीं पकड़े गए हैं।
ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र के सौजना इलाके में रहने वाली एक नाबालिग और उसकी बड़ी बहन 9 दिसंबर को लापता हो गई थीं। लापता होने वाली नाबालिग के केस में पुलिस ने अपहरण और उसकी बहन की गुमशुदगी दर्ज की थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा और जांच पड़ताल शुरू की तो पता लगा कि दोनों बहनों को उनके दोस्त रोहित बाल्मीकि व राजवीर सिंह जाटव अपने साथ ले गए हैं। इसके बाद पुलिस ने छानबीन की तो मुरैना रोड रायरू इलाके से दोनों बहनों को बरामद किया है, लेकिन लापता बहनों का अपहरण करने वाले रोहित व राजवीर सिंह भाग निकले थे।
पहले पक्ष में दिए बयान फिर लगाया दुष्कर्म का आरोप
दोनों लड़कियों को बरामद करने के बाद जब पुलिस ने 19 दिसंबर को कोर्ट में उनके बयान कराए थे तो लड़कियों ने अपनी मर्जी से जाने की बात कही थी, लेकिन बयान के चार दिन बाद ही वह वापस एसपी ऑफिस पहुंची और पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है कि उनके साथ दुष्कर्म किया गया था। उस दिन वह दबाव में यह बयान देकर आई थीं। पीड़ित बहनों के बयान के बाद आरोपी रोहित और राजवीर पर अपहरण व दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
इस मामले में एएसपी निरंजन शर्मा का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद अब पुलिस दोनों की तलाश में दबिश दे रही है। फिलहल आरोपी अपने घरों से फरार हैं और पुलिस उनके संभावित स्थानों पर तलाश में लगी है।


