सीएम यादव बोले- गौ माता की सेवा भगवान समान:सांवेर के चित्तौड़ा में भागवत कथा में पहुंचे; संत कमल किशोर नागर महाराज की प्रशंसा की

इंदौर जिले के सांवेर स्थित चित्तौड़ा में आयोजित श्रीमद्भागवत गौशाला के भागवत कथा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “सनातन संस्कृति का अपना विशेष महत्व है। मनुष्य जीवन सत्कर्म के लिए ही प्राप्त हुआ है। कथा श्रवण के माध्यम से हमें जीवन दर्शन की राह मिलती है, जो सदैव हमें सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती है। गौमाता की सेवा भगवान की सेवा के समान है।” मुख्यमंत्री ने संत श्री कमल किशोर नागर महाराज की सराहना करते हुए कहा कि वे गौसेवा के महान संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से मालवा, निमाड़, आदिवासी अंचल सहित प्रदेशभर में गौमाताओं के पालन का दायित्व निस्वार्थ भाव से निभाया जा रहा है, जो प्रशंसनीय और वंदनीय है। नदी जोड़ो अभियान: प्रदेश के विकास की नई दिशा मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नदी जोड़ो अभियान विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना शुरू की जा रही है, जो लगभग 25 जिलों के बड़े क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाएगी। इससे मालवा और बुंदेलखंड को विकास की नई राह मिलेगी। नदी जोड़ो अभियान से प्रदेश का एक बड़ा क्षेत्र लाभान्वित होगा। गोवंश संरक्षण के लिए विशेष प्रयास मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण और पालन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 313 ब्लॉकों के गांवों 500 से ज्यादा गोवंश हैं। उन्हें “वृंदावन गांव” के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही, 10 या उससे ज्यादा गौमाता पालने वाले पशुपालकों को अनुदान दिया जाएगा। डॉ. यादव ने कहा, “आने वाले समय में दूध खरीदी पर बोनस दिया जाएगा, जिससे घर-घर में दूध उत्पादन बढ़े और प्रदेश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने।” संत कमल किशोर नागर का सम्मान मुख्यमंत्री ने संत कमल किशोर नागर द्वारा गोवंश संरक्षण और गौशाला संचालन के लिए की जा रही कोशिशों की सराहना की। उन्होंने व्यास पीठ का पूजन कर संत श्री का शाल भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का भी साफा बांधकर सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने श्रीमद्भागवत गौशाला चित्तौड़ा की भूमि को गौशाला के नाम करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गीता जयंती के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के कर्म संदेश को पूरे प्रदेश में पहुंचाने का कार्य किया गया है। संत श्री कमल किशोर नागर द्वारा गौशाला संचालन और समाज में आदर्श स्थापित करने के प्रयास समाज को नई दिशा दे रहे हैं। इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला, चिंटू वर्मा, श्रीमद्भागवत गौशाला चित्तौड़ा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *