मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इंदौर जिले की 9 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक प्रभारी नियुक्त किए हैं। इन नियुक्तियों के बाद संगठन से जुड़े सभी फैसलों में विधानसभा प्रभारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने मोहल्ला और पंचायत स्तर की कमेटियां बनाने का कार्य इंदौर से शुरू किया है। यह सभी नियुक्तियां माइक्रो-लेवल मैनेजमेंट की रणनीति का हिस्सा हैं। कांग्रेस शहरी क्षेत्र में मोहल्ला कमेटियां और ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत कमेटियां गठित करने की प्रक्रिया में है और इस दिशा में काम शुरू हो चुका है। इन इकाइयों में पार्टी के मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे, साथ ही विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन भी होगा। इंदौर-1 का प्रभार मंदसौर के राजेश रघुवंशी को सौंपा गया है। इंदौर-2 के प्रभारी चांचौड़ा के देवेंद्र सिंह रघुवंशी बनाए गए हैं। इंदौर-3 के प्रभारी सोमिल नाहटा हैं। इंदौर-4 का प्रभार खरगोन के रवि जोशी को दिया गया है, जो इंदौर शहर के प्रभारी भी हैं। इंदौर-5 का प्रभार राजपुर के अजय ठक्कर को सौंपा गया है। वहीं, राऊ विधानसभा का प्रभार शुजालपुर के गजेंद्र सिंह सिसोदिया को दिया गया है। देपालपुर का दायित्व नीमच के तरुण भारती को सौंपा गया है। उज्जैन की माया त्रिवेदी को सांवेर विधानसभा की प्रभारी नियुक्त किया गया है। इंदौर ग्रामीण क्षेत्र के प्रभारी अवनीश भार्गव को महू विधानसभा का दायित्व सौंपा गया है। कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर में की गई इन नियुक्तियों की तर्ज पर पूरे प्रदेश में भी नियुक्तियां होंगी। प्रदेश कांग्रेस के हर वरिष्ठ पदाधिकारी, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष, पॉलिटिकल अफेयर कमेटी के सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं, एक-एक विधानसभा क्षेत्र का प्रभार संभालेंगे। वे शहरी क्षेत्रों में मोहल्ला और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर कमेटियों के गठन और उनके कार्यों की निगरानी करेंगे। प्रभारियों की जिम्मेदारी कांग्रेस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लॉक, शहर और जिला कांग्रेस ने इस दिशा में जो भी कार्य किए हैं, उनका सुपरविजन भी विधानसभा प्रभारियों के जिम्मे होगा। ये प्रभारी मार्गदर्शक की भूमिका निभाने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करेंगे कि निचले स्तर पर किया गया काम केवल कागजों तक सीमित न रहे। ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति में भी इन प्रभारियों की राय अहम होगी।


