गिरिडीह जिले के बगोदर नेशनल हाइवे में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां एक अज्ञात वाहन के चपेट में आने से 40 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना को लेकर परिजनों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। जीटी रोड पर जाते वक्त हुआ हादसा बगोदर थाना क्षेत्र के अटका स्थित गांधी टांड़ निवासी 40 वर्षीय विनोद ठाकुर किसी काम से सुबह में जीटी रोड पर जा रहे थे। इसी बीच किसी अज्ञात वाहन ने जमुना नगर के पास उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के कुछ देर बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने शव को सड़क पर देखा और इसकी जानकारी बगोदर थाना की पुलिस को दी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पहचान किया। इसके साथ ही घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दिया गया। वहीं, परिजनों के आने के बाद पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई। बगोदर स्थित नेशनल हाइवे पर सड़क दुर्घटना का यह कोई पहला मामला नहीं है। रफ्तार पर नियंत्रण नहीं होने के कारण क्षेत्र में रफ्तार का कहर लगातार देखने को मिल रहा है और लोगों की जान भी सड़क दुर्घटना में जा रही है। अज्ञात वाहन द्वारा ठोकर लगने से व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। -विनय कुमार यादव, बगोदर थाना प्रभारी


