जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ जनपद पंचायत में तालाब सौंदर्यीकरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। नगर पंचायत की वर्तमान अध्यक्ष निर्मला देवांगन ने पूर्व अध्यक्ष और सीएमओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लंकेटर तालाब के सौंदर्यीकरण में 1 करोड़ 49 लाख रुपए की लागत से काम होना था। वर्तमान अध्यक्ष और भाजपा पार्षदों का आरोप है कि तालाब में बिना बेस के गलत पत्थरों से पिचिंग की गई। तालाब की खुदाई कर मुरूम की चोरी की गई। करोड़ों के निर्माण कार्यों का भुगतान बिना काम पूरा कराए ही कर दिया गया। शिकायत के बाद सुधारने के निर्देश यह काम पूर्व कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष भुवनेश्वर केशरवानी के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। इसमें तालाब का गहरीकरण, पिचिंग, चेकर टाइल्स, सड़क निर्माण और विद्युत सजावट शामिल थे। नगर पंचायत के सीएमओ विष्णु यादव के मुताबिक, इस कार्य के लिए 65 लाख रुपए का भुगतान इंजीनियर की रिपोर्ट के आधार पर किया गया है। शिकायत मिलने के बाद ज्वाइंट डायरेक्टर स्तर पर जांच शुरू हो गई है। ठेकेदार को निर्माण सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। उच्च स्तरीय जांच की मांग वर्तमान अध्यक्ष और पार्षदों का कहना है कि ठेकेदार ने अधिकारियों से मिलीभगत कर निम्न गुणवत्ता का काम किया है। इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की जा रही है। लंकेटर तालाब को आकर्षक बनाने के लिए लाखों रुपए खर्च किए गए, लेकिन जमीनी हकीकत में भ्रष्टाचार और लापरवाही ही सामने आई है। फिलहाल निर्माण कार्य सुधरवाने की बात कही गई है।


