संसद में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर पर टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दौसा जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। सांसद मुरारीलाल मीणा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने शहीद स्मारक पर धरना दिया। जहां नारेबाजी करते हुए गृह मंत्री को पद से हटाने की मांग की। युवा कांग्रेस व एनएसयूआई कार्यकर्ताओं कलेक्ट्रेट के गेट पर चढ़कर जमकर नारेबाजी की, जिन्हें पुलिस जाप्ते में मशक्कत कर रोका। इसके बाद सांसद व अन्य नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर देवेन्द्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। सांसद ने कहा- इंडिया गठबंधन की मांग है कि गृह मंत्री अमित शाह इस्तीफा दें या फिर पीएम मोदी उनको बर्खास्त करें। शाह पूरे देश से माफी मांगे, इसके लिए राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग है कि भारत के संविधान में विश्वास नहीं करने और बाबा साहब का अपमान करने वाले मंत्री को तुंरत प्रभाव से पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा संविधान विरोधी रही है और आरक्षण खत्म करने की मुहिम को लेकर काम करने वालों का पुरजोर विरोध करेंगे। पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि भाजपा के लोग हमेशा संविधान के विरोधी रहे हैं। पूर्व विधायक जीआर खटाणा ने कहा कि बाबा साहब का अपमान करना भाजपा नेताओं की फितरत में रहा है। समय आने पर लोग इसका जवाब देंगे। पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला ने कहा कि भाजपा ने कभी संविधान और बाबा साहब का सम्मान नहीं किया। जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। इस दौरान विधायक दीनदयाल बैरवा, जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़, पीसीसी सचिव चतरसिंह बासडा, कमल मीणा, खेमराज मीणा, करतार माल, विजेन्द्र गुर्जर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


