मौसम के करवट बदलने का क्रम जारी है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। बीते कुछ दिनों से दोपहर बाद हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी बारिश हुई। रांची में 15 मिमी बारिश हुई है। वहीं पलामू में 7 मिमी, बोकारो में दो मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश का पूर्वानुमान किया है। राजधानी रांची को लेकर कहा है कि बादल छाए रहेंगे और कुछ हिस्सों में वज्रपात के साथ मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए पूरे राज्य में यलो अलर्ट जारी किया गया है। आकाशीय बिजली बन रही जानलेवा इधर लगातार हो रही बारिश से आम जन-जीवन को राहत तो मिली है लेकिन जान माल की क्षति भी उठानी पड़ रही है। प्रदेश में मानसून के आने में अभी देर है लेकिन इससे पहले वज्रपात ने कहर ढा दिया है। शुक्रवार को पलामू और हजारीबाग के अलग-अलग हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। पलामू के सतबरवा में तीन लोगों की मौत हुई है। हजारीबाग के बरकट्ठा में एक, चतरा में एक, कटकमसांडी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। 24 घंटे के दौरान पलामू में सबसे अधिक गर्मी बीते 24 घंटे में मौसम की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान शुक्रवार को पलामू में रहा। यहां का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने दिन में तापमान में वृद्धि होने और उमस रहने की संभावना जताई है। कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने के पूर्वानुमान की वजह से मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रदेश के 6 जिले गर्मी के हाई रिस्क जोन में शामिल काउंसिल ऑन एनर्जी एनवायर्नमेंट एंड वाटर की रिपोर्ट बता रही है कि झारखंड में 6 जिले ऐसे हैं जो गर्मी के मामले में है रिस्क की श्रेणी में हैं। संस्थान की ओर से किए गए स्टडी में बताया गया है कि कभी बिहार के समर कैपिटल कहे जाने वाले रांची भी हाई रिस्क वाले जोन में है। इसके अतिरिक्त पलामू, गुमला, बोकारो, सरायकेला खरसावां और धनबाद भी हाई रिस्क जोन में आते हैं। इन जिलों में भीषण गर्मी लोगों को सताती है। आज तक बारिश, कल से मौसम होगा साफ मौसम विभाग की रिपोर्ट बता रही है कि पूरे राज्य में आज तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। आकाशीय बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना बनी है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि 1 जून से मौसम साफ हो जाएगा। राज्य के कुछ हिस्से में ही हल्के दर्ज की बारिश हो सकती है लेकिन धूप खिली हुई निकलेगी। जिससे गर्मी बढ़ेगी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी रांची में 1 जून से हल्के बादल छाए रहने के साथ ही मौसम साफ रहेगा। धूप निकली रहेगी और मौसम में ड्राइनेस बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना है। बारिश ने अधिकतम तापमान किया कम लगातार हो रही बारिश की वजह से अधिकतम तापमान बहुत अधिक नहीं बढ़ा है। राज्य में आधे से अधिक जिले ऐसे हैं जहां का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री के बीच है। एक भी जिला ऐसा नहीं है जहां भीषण गर्मी पड़ रही हो। 40 डिग्री या इसके आसपास के तापमान वाला एक भी जिला नहीं है। बारिश की वजह से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की कमी आई है।